इंडिया टुडे कवर पर चीन को दिखाया मुर्गी और पाकिस्तान को उसका बच्चा, भड़के चीनी
इंडिया टुडे मैगजीन के एक कवर ने चीन में हंगामा मचा दिया है। उस कवर में चीन और पाकिस्तान को मुर्गे के रूप में दिखाया गया था। कवर में चीन को बड़ी सी मुर्गी और पाकिस्तान को उसका बच्चा दिखाया गया है। इसको देखकर चीनी लोग खुश नहीं हैं। मैगजीन के 31 जुलाई वाले संस्करण को लेकर चाइनीज सोशल मीडिया वीबो (वहां का ट्विटर) पर काफी हंगामा है। चीनी लोग कवर को देखकर खुश तो बिल्कुल नहीं हैं। इंडिया टुडे की ताजा मैगजीन में पाकिस्तान और चीन के साथ चल रहे तनाव को प्रमुखता से जगह दी गई है। कवर पर भी उसी से संबंधित फोटो का इस्तेमाल हुआ है।
कवर फोटो के साथ पाकिस्तान को चीन का छोटा सा बच्चा बताया गया है। साथ ही लिखा है कि चीन पाकिस्तान में निवेश कर-करके उसको अपनी तरफ मिला रहा है। इस बात को लेकर भारत को सोचना चाहिए। कवर देखकर चीनी इसलिए भी ज्यादा भड़के हुए हैं क्योंकि तिब्बत और ताइवान को इसमें चीन का हिस्सा नहीं दिखाया गया है। दोनों इलाकों पर चीन ने जबरन हक जता कब्जा किया हुआ है। इसको लेकर चीनी मीडिया, सोशल मीडिया सबमें बात हो रही हैं।
इंडिया टुडे की मैगजीन कवर को चीनी लोग अपने-अपने अंदाज में फोटोशॉप कर रहे हैं। एक में पूरे भारत में (जम्मू-कश्मीर छोड़कर) चीन का कब्जा दिखाया गया है। भारत और चीन के बीच सिक्किम में सीमा को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। भारत और चीन दोनों में से कोई भी अपनी सेना को पीछे हटाने के लिए तैयार नहीं है।