'राजीव गांधी भ्रष्टाचारी नंबर 1' मामले में पीएम मोदी को चुनाव आयोग से क्लीन चिट

Update: 2019-05-07 15:46 GMT

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर 1 बताए जाने पर चुनाव आयोग ने पीएम नरेंद्र मोदी को क्लीन चिट दे दी है। आयोग ने कहा कि इस बयान में प्रथम दृष्टया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं हुआ है। इसलिए इस मामले को खारिज किया जाता है।


बता दें कि 6 मई को एक चुनावी रैली में पीएम मोदी ने पूर्व पीएम राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर 1 बताया था। कांग्रेस ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी। इसके बाद से कांग्रेस और भाजपा के बीच नई जंग शुरू हो गई थी।

राहुल गांधी ने राजीव गांधी पर पीएम मोदी की टिप्पणी को शर्मनाक करार दिया था। आज प्रियंका गांधी ने भी इसे लेकर पीएम मोदी को निशाने पर लिया। प्रियंका ने कहा- भाजपा ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं किए। ये कभी शहीदों के नाम पर वोट मांगते हैं, तो कभी मेरे परिवार के शहीद सदस्यों का अपमान करते हैं। उन्होंने मेरे शहीद पिता का अपमान किया है। उन्होंने पीएम की तुलना दुर्योधन से भी की।

इसे लेकर ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रियंका को जवाब देते हुए कहा कि 23 मई को चुनाव नतीजों के बाद पता चल जाएगा कि दुर्योधन कौन है और कौन अर्जुन है।  

Similar News