चंदौली में सिंगल-यूज प्लास्टिक फैक्ट्री पर छापेमारी, 10 टन से अधिक प्लास्टिक जब्त,व्यापारियों में मची खलबली

Update: 2025-04-20 02:13 GMT


ओ पी श्रीवास्तव,चंदौली

चंदौली, मुगलसराय:प्रदूषण नियंत्रण और सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बावजूद इसके अवैध व्यापार पर रोकथाम के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को मुगलसराय एसडीएम अनुपम मिश्र के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम वाराणसी की संयुक्त टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेस-1 स्थित एक अवैध प्लास्टिक गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान करीब 10 टन से अधिक सिंगल-यूज प्लास्टिक जब्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से सिंगल-यूज प्लास्टिक का अवैध उत्पादन और भंडारण किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एसडीएम अनुपम मिश्र ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, बावजूद इसके यहां इसका अवैध व्यापार किया जा रहा था। हमारी टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 10 टन प्लास्टिक जब्त किया है। फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और मालिक के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने आगे कहा कि यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है और आने वाले समय में इस तरह के अवैध धंधों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी कीमत पर सिंगल-यूज प्लास्टिक के उत्पादन और बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में अवैध प्लास्टिक व्यापार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। टीम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इसी प्रकार की छापेमारी की जाएगी, जिससे पर्यावरणीय नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Similar News