नाशिक-गुजरात हाईवे पर लग्जरी बस खाई में गिरी, 7 यात्रियों की मौत, 15 घायल

Update: 2025-02-02 05:32 GMT

महाराष्ट्र के नाशिक-गुजरात हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक लग्जरी बस 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। यह हादसा रविवार सुबह लगभग 5:30 बजे हुआ। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नियंत्रण छूटने से हुआ हादसा

प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक, नियंत्रण छूटने की वजह से बस खाई में जा गिरी। यह घटना तब हुई जब बस नाशिक के सापुतारा घाट से होती हुई सूरत की तरफ जा रही थी। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, सभी घायल यात्रियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। अधिकतर यात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और नाशिक के तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए आए थे। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतक और घायलों के परिजनों को सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है। सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं को द्वारका की ओर जा रही यात्री बस का नासिक-सूरत हाईवे पर गुजरात के सापुतारा घाट के पास खाई में गिरने से हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में विदिशा निवासी ड्राइवर और शिवपुरी के चार यात्रियों का असामयिक निधन एवं 20 से अधिक यात्रियों के घायल होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। हादसे में हुए गंभीर घायलों की स्वास्थ्य स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।

सीएम ने आगे लिखा है कि मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। सभी मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹4-4 लाख, गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख के साथ समुचित इलाज की व्यवस्था एवं सामान्य घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

बता दें कि शिवपुरी जिले 50 श्रद्धालु एक बस से 23 दिसंबर को रामेश्वर धाम की यात्रा पर गए थे। ये सभी यात्रा से वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी सापुतारा से करीब ढाई किलोमीटर दूर घाट पर यह अचानक अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। हादसे में 35 यात्री घायल हैं। इनमें से 16 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें डांग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक यात्री को सूरत रेफर किया गया है।

 

Similar News