Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सीएमपी में एबीवीपी को झटका, ऋषभ अध्यक्ष निर्वाचित

सीएमपी में एबीवीपी को झटका, ऋषभ अध्यक्ष निर्वाचित
X
सीएमपी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ के लिए शनिवार को हुए मतदान में ऋषभ सिंह यादव अध्यक्ष निर्वाचित हुए। बहुकोणीय मुकाबले में उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आशीष सिंह को 182 मताें से मात दी। वहीं महामंत्री पद पर परिषद के शिवम 535 वोट पाकर विजयी हुए। सौम्या शुक्ला ने कड़ी टक्कर दी लेकिन शिवम से वह 76 वोट से पीछे रह गईं। इस पद के लिए एक अन्य छात्रा निधि मिश्रा को भी 429 वोट मिले। इस तरह से छात्राओं का वोट बंट गया, जिसका फायदा शिवम को मिला। पिछले साल दोनों पद परिषद के खाते में गए थे लेकिन इस बार झटका लगा है। सुमित कुमार गौतम उपाध्यक्ष, अभय राज यादव संयुक्त मंत्री तथा विशाल चंद्र शुक्ला सांस्कृतिक सचिव निर्वाचित हुए। प्राचार्य डॉ.आनंद कुमार श्रीवास्तव ने विजेताओं को शपथ दिलाई। परिणाम की घोषणा चुनाव अधिकारी डॉ.मीना राय ने की।
मतदान को लेकर सुबह से उत्साह का माहौल रहा और कालेज परिसर के बाहर लगातार समर्थकों का समूह नारेबाजी करता रहा। हालांकि बूथ पर कहीं लंबी कतार नहीं दिखी लेकिन छात्र-छात्राओं के पहुंचने का क्रम लगातार जारी रहा और कुल 7713 में से 2923 विद्यार्थियों ने वोट डाले। अध्यक्ष पद पर कई प्रत्याशियाें ने मजबूत दावेदारी पेश की लेकिन बाजी ऋषभ के हाथ लगी। दूसरे स्थान पर रहे आशीष का 464 वोट मिले। इस पद के लिए एक मात्र छात्रा संगीता मिश्रा ने भी मजबूत दावेदारी पेश की और 329 वोट हासिल किया। वहीं आशु शुक्ला को 406, आदर्श कुमार सिंह को 312 मत मिले। उपाध्यक्ष चुने गए सुमित को 1087 वोट मिले। वहीं दूसरे स्थान पर रहे अभिषेक यादव को 658 तथा चक्रधारी तिवारी को 541 वोट मिले। महामंत्री पद पर कई प्रत्याशियों के बीच काफी नजदीकी मुकाबला रहा।
दूसरे स्थान पर रहीं सौम्या शुक्ला को 459 वोट मिले तो शुभम सिंह 435, विक्रम सिंह 432 तथा निधि मिश्रा 429 मत मिले। महामंत्री पद पर 46 अवैध मत भी पड़े। संयुक्त मंत्री पद पर 992 वोट पाकर अभय राज यादव विजयी हुए। उन्होंने राज कुमार साहू को हराया जिन्हें 529 मत मिले। सांस्कृतिक सचिव पर विजयी विशाल चंद्र ने सबसे अधिक 1141 मत हासिल किए। 647 वोट पाकर आनंद कुशवाहा दूसरे स्थान पर रहे। इस पद पर अवैध मतों की संख्या भी 190 रही। अंकित कुमार बारी कला, अभय राज वाणिज्य, आशीष कुमार सिंह विज्ञान तथा क्षितिज राम दुबे विधि संकाय प्रतिनिधि चुने गए। चुनाव के दौरान तनाव बना रहा। इसके मद्देनजर प्रॉक्टोरियल टीम हर जगह तैनात रही तो परिसर तथा बाहर भारी संख्या में फोर्स भी मौजूद रही। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने भी कालेज का दौरा किया। तनाव को देखते हुए चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अध्यापकों और कर्मचारियों को सुरक्षा में बाहर निकाला गया।
सीएमपी डिग्री कालेज में मतदान और मतगणना के दौरान उत्साह और उल्लास के माहौल के साथ तनाव भी बना रहा। परिसर के बाहर लगातार बमबाजी होती रही तो कुछ अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी भी की। इसमें एक युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी तो कई पुलिस वाले भी चुटहिल हुए। उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मतदान शुरू होने पर और आखिरी आधे घंटे में कई बार बम फोड़े गए। इसी दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों ने सड़क पर पड़ी पंफलेट और पर्ची के ढेर में आग लगा दी। बमबाजी के बीच इस तरह से आग लगने के बाद वहां भगदड़ मच गई। इसी दौरान कुछ युवकों ने पत्थर भी फेंके। इससे पुलिस वालों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने उन्हें दौड़ा लिया। हालांकि , स्थिति कुछ ही मिनट में नियंत्रण में आ गई। मतगणना के दौरान तथा परिणाम की घोषणा के बाद भी जमकर बम फटे। बमबाजी का यह क्रम देर तक जारी रहा। इससे तनाव बना रहा।
000
सीएमपी में प्रत्याशियों को मिले वोट
अध्यक्ष
प्रत्याशी वोट
ऋषभ सिंह यादव 646
आशीष सिंह 464
आशु शुक्ला 406
संगीता मिश्रा 329
आदर्श कुमार सिंह 312
अंकित सिंह 284
सत्यम श्रीवास्तव 164
प्रिंस जायसवाल 141
विक्रांत यादव 77
विजय प्रताप सिंह 84
अवैध 16
000
उपाध्यक्ष
सुमित कुमार गौतम 1087
अभिषेक यादव 658
चक्रधारी तिवारी 541
उज्जवल पांडेय 236
सुनिल कुमार 236
चेतन कुमार 101
अवैध 64
000
मंत्री
शिवम 535
सौम्या शुक्ला 459
शुभम सिंह 435
विक्रम सिंह 432
निधि मिश्रा 429
आशुतोष शुक्ला 225
शिवम सिंह 126
शेखर मिश्रा 104
संदीप द्विवेदी 132
अवैध 46
000
संयुक्त मंत्री
अभय राज यादव 992
राज कुमार साहू 529
आकाश मिश्रा 470
वैशाली मौर्या 447
मन्तशा हसनैन 441
अवैध 44
000
सांस्कृतिक सचिव
विशाल चंद्र शुक्ला 1441
आनंद कुशवाहा 647
अरविंद कुमार केशरी 259
शुभम दुबे 229
आशीष मौर्य 157
अवैध 190
000
कला संकाय प्रतिनिधि
अंकित कुमार बारी 594
शिवम सिंह 453
पुष्पेंद्र विश्वकर्मा 220
पवन कुमार अग्रहरि 212
मो.जाकिर 144
अवैध 233
000
वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि
अभय राज 169
राज मौर्या 49
अवैध 27
000
विज्ञान संकाय प्रतिनिधि
आशीष कुमार सिंह 258
शोएब अख्तर गनी 126
नवीन कुमार तिवारी 85
अवैध 148
000
विधि संकाय प्रतिनिधि
क्षितिज राम दुबे 105
वागीश हरि त्रिपाठी 90
अवैध 10
Next Story
Share it