जितिन के भाई जयेश भाजपा में
![जितिन के भाई जयेश भाजपा में जितिन के भाई जयेश भाजपा में](https://www.jantakiawaz.org/h-upload/uid/19241QApaZdR7bJ1hdIXtLUybPgS3AeII5X5z9629666.jpg)
लखनऊ : पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के चचेरे भाई व पूर्व विधान परिषद सदस्य कुंवर जयेश प्रसाद ने समाजवादी पार्टी को छोड़ पत्नी नीलिमा प्रसाद के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। गुरुवार देर रात साढ़े 11 बजे पार्टी मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र पांडे ने संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में जयेश प्रसाद को सैकड़ों समर्थकों समेत सदस्यता ग्रहण करायी।
शाहजहांपुर स्थानीय निकाय क्षेत्र से दो बार वर्ष 2004 व 2010 में विधान परिषद में सदस्य निर्वाचित हुए जयेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. जितेंद्र प्रसाद के भतीजे है। भाजपा जयेश की पत्नी नीलिमा को शाहजहांपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए टिकट दे सकती है। जयेश बसपा में भी लंबे समय तक सक्रिय रहे है। उन्होंने बताया कि वह समाजवादी पार्टी को छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। जयेश के साथ भाजपा में शामिल होने वालों में ब्लाक प्रमुख सुमन वर्मा, विश्व विजय सिंह, लक्ष्मण गुप्ता व किशोर गुप्ता प्रमुख थे।
विपक्षी दलों का दांव देख रही भाजपा
निकाय चुनाव के दावेदारों की धड़कन बढ़ती जा रही है लेकिन, भाजपा अपने पत्ते खोलने में देरी कर रही है। चुनाव समिति की तीन दिनों से चल रही क्षेत्रवार बैठकों में नगर निगम के महापौर व पार्षद तथा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का नाम भले तय कर लिया गया है लेकिन, गुरुवार को भी सूची जारी नहीं हो सकी। दरअसल, भाजपा विपक्षी दलों का दांव देख रही है। संभव है कि शुक्रवार को भाजपा पहले चरण की सूची जारी कर दे।
गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की अध्यक्षता में चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ल, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत संबंधित क्षेत्रों अध्यक्ष व संगठन मंत्री और कई प्रमुख लोग शामिल थे। गुरुवार की बैठक में शुरू में ब्रज क्षेत्र, शाम को पश्चिम क्षेत्र और रात को अवध क्षेत्र की बारी आई। बुधवार को कानपुर-बुंदेलखंड व मंगलवार को गोरखपुर और काशी क्षेत्र के उम्मीदवारों के नामों पर मंथन हुआ था। इस तरह तीन दिनों में मुख्यालय में 16 नगर निगम के महापौर और 1300 वार्ड के पार्षद सीटों के अलावा नगर पालिका परिषद के 198 अध्यक्ष के उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। इन तीन दिनों में भाजपा नियंताओं ने पांच हजार से अधिक नाम पर विमर्श किया है।
सूत्रों का कहना है कि सभी नाम तय हैं, समीकरण के हिसाब से जरूरत पड़ी तो बदले जा सकते हैं।