डिप्टी सीएम ने मेयर व पार्षद प्रयाशियों का नामांकन कराया
BY Anonymous6 Nov 2017 11:02 AM GMT
X
Anonymous6 Nov 2017 11:02 AM GMT
अयोध्या- डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने अयोध्या नगर निगम के मेयर उम्मीदवार ऋषिकेश उपाध्याय और 60 पार्षद पद के प्रत्याशियों का जुलूस निकालकर नामांकन कराया। इस दौरान डिप्टी सीएम रथ पर सवार थे। पूरे रास्ते लाउड स्पीकर पर 'बच्चा बच्चा राम का जन्मभूमि के काम का' समेत अन्य कई धार्मिक नारे लगते रहे।
फैजाबाद के गुलाबबाड़ी मैदान से निकला नामांकन जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सदर तहसील पंहुचा। यहां डिप्टी सीएम डॉ शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या को योगी सरकार ने नगर निगम का दर्जा दिया। नगर निगम के पहले चुनाव में भाजपा को जिताकर रामनगरी को विकास का मॉडल बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करें।
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में दीवाली पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भरत बनकर अयोध्या आए थे। उन्होंने यहां त्रेता युग की परिकल्पना को साकार करते हुए भगवान राम की अगवानी की।
इस अद्भुत आयोजन को पूरे विश्व ने देखा। अयोध्या की पहचान को नया आयाम मिला। अब इसी प्रक्रिया को जारी रखते हुए अयोध्या में विकास की नई सरयू प्रवाहित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम की मदद से अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने जय श्री राम से संबोधन शुरू कर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ समापन किया। डिप्टी सीएम के साथ रथ पर मेयर उम्मीदवार ऋषिकेश उपाध्याय, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, गोसाईगंज विधायक इंद्र प्रताप तिवारी व विहिप के शीर्ष नेता महंत राम विलास दास वेदांती समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में संघ परिवार के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। जुलूस के दौरान राममय माहौल रहा। सभा के बाद अयोध्या नगर निगम के उम्मीदवारों ने डिप्टी सीएम के नेतृत्व में नामांकन किया।
Next Story