Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

रोजगार सेवकों ने गोमती नदी में लगाई छलांग, दो भर्ती

रोजगार सेवकों ने गोमती नदी में लगाई छलांग, दो भर्ती
X

ग्राम रोजगार सेवकों का चौथे दिन भी लक्ष्मण मेला मैदान में प्रदर्शन जारी रहा। गुरूवार को मुख्यमंत्री से वार्ता पर अड़े करीब एक दर्जन रोजगार सेवकों ने हाथ में तिरंगा लेकर गोमती नदी में छलांग लगा दी। मछुवारों की मदद से मौके पर मौजूद पुलिस के अधिकारियों ने सभी को नदी से बाहर निकाला। जबकि दो रोजगार सेवकों को बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज जारी है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विधानभवन घेरने की भी कोशिश की। मगर जिला प्रशासन के अधिकारी से मिले आश्वासन पर सभी लौट गए। उनका कहना है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सीएम से वार्ता नहीं हुई तो इससे भी बड़ा आंदोलन होगा।


ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले नियमितीकरण की मांग को लेकर धरनास्थल पर सैकड़ों ग्राम रोजगार सेवकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। गुरूवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम रोजगार सेवक उग्र हो गए। मांगे पूरी न होने से आक्रोशित ग्राम रोजगा सेवक देशराज, प्रमोद अवस्थी, राम मूरत, पिन्टू यादव, ललितेश, मनोज वर्मा, सरोज, रमेश, देवेन्द्र, ज्ञानेंद्र, अनिल यादव व लवलेश ने अचानक गोमती में छलांग लगा दी। यह देख वहां मुस्तैद पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने नदी के किनारे खड़ी नांव के मछुवारे से मदद मांगी। मछुवारा ने जैसे-तैसे सभी ग्राम रोजगार सेवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। जबकि देशराज और प्रमोद नांव पर आते ही बेहोश हो गए। उन्हें पुलिस प्रशासन की मदद से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव व महामंत्री राजबीर सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सीएम से वार्ता कराने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।

नदी में पलट गई नाव

गोमती नदी में छलांग लगाने वाले रोजगार सेवकों को सुरक्षित बाहर निकलाने के दौरान नांव पलट गई। दरअसल पुलिस को ग्राम रोजगार सेवकों की इस मंशा की पहले से कोई भी जानकारी नहीं थी। लिहाजा पहले से कोई इंतजाम भी नहीं किया गया था। आनन-फानन में मछुवारे की मदद ली गई। जैसे ही रोजगार सेवक नांव पर चढ़ने लगे नौका अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया।

विधानभवन घेराव नहीं कर सके रोजगार सेवक

जैसे ही कुछ रोजगार सेवकों ने नदी में छलांग लगाई वैसे ही दूसरी ओर सैकड़ों प्रदर्शनकारी विधानभवन घेराव के लिए कूच करने लगे। पुलिस हरकत में आई और प्रदर्शनकारियों को धरनास्थल के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। काफी देर दोनों के बीच चली बहस को मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारी ने शांत कराया। आश्वासन पाकर सभी वापस धरनास्थल लौट गए।

Next Story
Share it