मुलायम संदेश रथयात्रा आज से
दिल्ली : आज समाजवादी पार्टी यूपी में चुनाव के मद्देनजर दिल्ली से मुलायम संदेश यात्रा शुरू करेगी। यह रथयात्रा कई जिलों से निकलेगी और नौ अक्तूबर को लखनऊ जाकर समाप्त होगी। सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव और राष्ट्रीय महासचिव मनीष सिंह इस रैली की अगुवाई करेंगे।
सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्यसभा सदस्य किरनमय नंदा मुख्य अतिथि रहेंगे। यात्रा का मकसद सरकार और पार्टी की नीतियों की जिला, कस्बों और गांवों में जानकारी देना होगा। रविवार को किरनमय नंदा और विकास यादव ने पत्रकार वार्ता में रथयात्रा की जानकारी दी।
दिल्ली के सपा कार्यालय से रथयात्रा शुरू होगी
बताया कि तीन अक्तूबर सोमवार को दिल्ली के सपा कार्यालय से रथयात्रा शुरू होकर गाजियाबाद, हापुड़ जिले से होकर मेरठ में जाकर रात्रि विश्राम करेगी। चार अक्तूबर को मेरठ से शामली, होते हुए सहारनपुर में रात गुजारेगी। पांच अक्तूबर को सहारनपुर से देवबंद, मुजफ्फरनगर, जानसठ, मीरापुर, बिजनौर होते हुए अमरोहा में रात में रुकेगी।
छह अक्तूबर को अमरोहा से संभल, मुरादाबाद, रामपुर होकर बदायुं में रात में रुकेगी। सात को बदायुं से बरेली होते हुए पीलीभीत जाकर रात गुजारेगी, आठ को पीलीभीत से लखीमपुर होकर शाहजहापुर में रात बिताएंगी। अंतिम दिन नौ अक्तूबर को शहाजहांपुर से चलकर सीतापुर होते हुए लखनऊ में जाकर समाप्त होगी। इस यात्रा का पहला चरण पिछले महीने पूरा हो चुका है। यह दूसरा चरण हैं।