Home > Uncategorized > लोकसभा जैसा हाल न हो, इसलिए संजीदा हुए सपा मुखिया, हर विधानसभा क्षेत्र में टटोलेंगे जमीन
लोकसभा जैसा हाल न हो, इसलिए संजीदा हुए सपा मुखिया, हर विधानसभा क्षेत्र में टटोलेंगे जमीन
पिछले लोकसभा चुनाव में सपा को मिली करारी हार को अब तक सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव भूल नहीं पाए हैं। शायद यही वजह है कि दो दिनों पूर्व सपा मुखिया व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ शिवपाल सिंह यादव में विचार विमर्श हुआ।
तकरीबन एक घंटे के दौरान अखिलेश यादव ने आने वाले चुनावी समीकरणों में विकास कार्य के दावों के तर्क देते हुए सकारात्मक बताना शुरू किया। उसी समय बीच में सपा मुखिया ने उन्हें रोकते हुए लोकसभा चुनाव के हालात की नसीहत देते हुए चुनावी समीकरणों का अध्ययन करने के लिए तीन चरण में काम करने को कहा।
पारिवारिक बातचीत के दौरान कुछ तल्ख बातें भी होने के बाद मुलायम सिंह यादव ने साफ कह दिया कि हर विधानसभा क्षेत्र में रुझान भांपने के लिए पहले वहां से मौजूदा विधायक को लगाया जाए। फिर उसके बाद वहां से विधान परिषद सदस्य के माध्यम से पूरी जानकारी ली जाए। इसके बाद राज्य इकाई व राष्ट्रीय इकाई के अनुभवी लोगों को लगाया जाए, उसमें वे लोग शामिल किए जाएं, जो चुनावी प्रबंधन में माहिर माने जा रहे हैं।
सपा मुखिया ने यहां तक कह दिया है कि इस त्रिस्तरीय परीक्षण रिपोर्ट के बाद ही यह तय किया जाएगा कि, कौन कहां से किस प्रकार चुनाव लड़ेगा।
हर विधानसभा क्षेत्र में टटोलेंगे जमीन
सपा मुखिया ने साफ कह दिया है कि हर विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियेां की बैठकें की जानी हैं। इन बैठकों में जहां प्रदेश पदाधिकारी तो रहेंगे ही, साथ ही शिवपाल सिंह यादव बूथ लेबल कार्यकर्ता से भी सीधे मिलेंगे। इन कार्यकर्ताओं से शिवपाल यादव जमीनी हकीकत के बारे में जानेंगे। यही नहीं किस पदाधिकारी किस नेता और किन अफसरों का अब रवैया क्या है।
बूथ लेबल पर दिया होमवर्क
सपा मुखिया के निर्देशानुसार अगर काम किया गया तो समाजवादी पार्टी में पहली बार बूथ लेबल कार्यकर्ता को सीधे तवज्जो मिलनी तय है। प्रदेश इकाई के साथ बैठक में आने से पहले इन बूथ लेबल कार्यकर्ताओं को होमवर्क करके आना है। इस होमवर्क में राज्य सरकार की सबंधित बूथ क्षेत्र में लागू योजनाओं का हाल पता लगाना है। खासकर जो आम आदमी सपा को वोट करता आया है, उसकी समस्याओं पर काम हो रहा है कि नहीं। इन तमाम सवालों के उत्तर लेकर बूथ लेबल सपा कार्यकर्ता आएंगे।
सपा नेता कर रहे जीत का दावा
इस बारे में जब सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सिंह गोप से बात हुई, तो उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जाग गया है। बीते चार दिनों में प्रदेश इकाई के निर्देश के बाद कार्यकर्ताओं की साइकिल फिर चल पड़ी है। हर गांव हर घर से संपर्क साधा जा रहा है।जो उत्साह सामने आ रहा है, उससे साफ हो रहा है कि सपा सरकार फिर प्रदेश की सत्ता में आनी तय है।
Next Story