रूस में क्रैश हुआ यात्री विमान, सभी 71 के मरने की आशंका
BY Anonymous11 Feb 2018 1:59 PM GMT
X
Anonymous11 Feb 2018 1:59 PM GMT
रूस की राजधानी मॉस्को के नजदीक रविवार को एक विमान भीषण हादसे का शिकार हो गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, 71 यात्रियों को ले जा रहे सारातोव एयरलाइंस का विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 71 यात्रियों के मारे जाने की आशंका है। रिपोर्ट की मानें तो विमान में 65 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे।
सारातोव एयरलाइंस के एंटोनोव एएन-148 विमान ने डोमोडेडोवो एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान मॉस्को के बाहरी इलाके रेमेंस्की जिले में क्रैश हुआ है। न्यूज एजेंसी की मानें तो इस विमान हादसे को कुछ लोगों ने देखा है। प्रत्यक्षदर्शी ने विमान को जलते हुए आसमान से गिरते हुए देखा। वहीं, एक सूत्र का कहना है कि यह विमान हादसा इतना भीषण था, कि शायद ही कोई बच सके।
उन्होंने आगे कहा कि डोमोडेडोवो एयरपोर्ट से तकरीबन 20 किलोमीटर के बाद विमान के सिग्नल मिलना बंद हो गए थे। अंतिम मिनटों में विमान के सिग्नल 6200 फीट की ऊंचाई से 3200 फीट नीचे आते हुए कैद किए गए थे।
Next Story