लखनऊ लोकसभा सीट से राजनाथ सिंह को चुनौती देने वाले आपस में ही अलग-थलग

अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीतिक कर्मभूमि रही लखनऊ को हाई प्रोफाइल सीटों में गिना जाता है। 28 सालों से इस लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। मौजूदा सांसद गृहमंत्री राजनाथ सिंह हैं। पिछली बार उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी को 2 लाख 72 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था। राजनाथ सिंह, 17वें लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से एक बार फिर मैदान में हैं। महागठबंधन ने भाजपा से नाराज होकर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस आध्यात्मिक गुरु प्रमोद कृष्णम पर दांव खेल रही है।
राजनाथ सिंह के खिलाफ मैदान में उतरे प्रमोद कृष्णम अपनी ही पार्टी के नेता शत्रुघ्न सिन्हा पर भड़के हुए हैं। पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि शत्रुघ्न सिन्हा की हरकतों से लगता है कि उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन तो कर ली है, मगर अभी तक आरएसएस से इस्तीफा नहीं दिया है। पति शत्रु कांग्रेस में हैं, जबकि पत्नी पूनम सिन्हा यूपी में कांग्रेस के विरोध में लड़ रही सपा-बसपा गठबंधन में शामिल हैं। ऐसे में प्रमोद कृष्णम का कहना है कि शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी यहां कांग्रेस का ही वोट काटने वाली हैं। ऐसे में राजनाथ सिंह को चुनौती देने वाले आपस में ही अलग-थलग पड़ते दिख रहे हैं।