Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सैफ पर हमला मामले में 'खुखुमोनी जहांगीर' नाम की महिला अरेस्ट, अब खुलेंगे अहम राज

सैफ पर हमला मामले में खुखुमोनी जहांगीर नाम की महिला अरेस्ट, अब खुलेंगे अहम राज
X

मुंबई पुलिस ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में तलाशी अभियान चलाया और अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र के मुताबिक जांच में पता चला है कि हमले के लिए मुंबई में पूर्व में गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक द्वारा इस्तेमाल किया गया सिम महिला के नाम पर रजिस्टर्ड था।

नदिया जिले से महिला को किया गिरफ्तार

मुंबई पुलिस की दो सदस्यीय टीम रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंची। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक सूत्र ने बताया, ‘सैफ अली खान पर हमला मामले में मुंबई पुलिस ने नदिया जिले के छपरा से एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड का आवेदन कर सकती है।’

इसी महिला के संपर्क में आया था हमलावर

महिला का नाम खुखुमोनी जहांगीर शेख है और वह गिरफ्तार बांग्लादेशी शरीफुल फकीर की परिचित है। सूत्र ने बताया, ‘फकीर सिलीगुड़ी के पास भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए अवैध रूप से भारत में घुसा था और इस महिला के संपर्क में आया। महिला पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के अंदुलिया की रहने वाली है।’

हमलावर ने सैफ पर किया था चाकू से हमला

मुंबई में सैफ अली खान के बांद्रा स्थित उनके घर पर हमलावर ने 16 जनवरी को उन पर चाकू से छह बार वार किया था। सैफ को लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उन्हें 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

Next Story
Share it