राष्ट्रपति ने किया साहित्य अकादमी के स्टॉल का अवलोकन

विविधता का अमृत महोत्सव : दूसरा संस्करण
नई दिल्ली, 6 मार्च। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में "विविधता का अमृत महोत्सव" के दूसरे संस्करण में साहित्य अकादमी के स्टाल का अवलोकन किया। कल उन्होंने इस महोत्सव का उद्घाटन किया था। यह एक ऐसा वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव है जो विभिन्न क्षेत्रों की अनूठी परंपराओं को प्रदर्शित करके भारत की विविध विरासत का जश्न मनाता है।
इस बार के अमृत महोत्सव में पांच राज्यों कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के साथ दो केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप और पांडिचेरी की जीवन सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया है। अवलोकन करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि इस उत्सव में लगभग पांच सौ कारीगर और बुनकर भाग ले रहे हैं।
इसी महोत्सव में उन्होंने साहित्य अकादमी द्वारा दक्षिण भारतीय भाषाओं में प्रकाशित और हिंदी अंग्रेज़ी में उनके अनूदित साहित्य की एक पुस्तक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी के बारे में राष्ट्रपति महोदया को विस्तृत जानकारी साहित्य अकादेमी के सचिव श्री के. श्रीनिवासराव ने दी। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं टेक्सटाइल मंत्री गिरिराज सिंह भी उपस्थित थे। महोत्सव 9 मार्च तक सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खुला रहेगा।