Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल-सोनिया गांधी का पुतला, कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका राहुल-सोनिया गांधी का पुतला, कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
X


ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली

चंदौली/पीडीडीयू नगर: खबर जनपद चंदौली से है जहां डीडीयू नगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने एक जोरदार प्रदर्शन कर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। नगर के प्रमुख चौराहे पर एकत्र हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कांग्रेस पार्टी ने देश में भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप दिया और उसके कार्यकाल में हुए घोटालों ने देश की अर्थव्यवस्था और जनता की मेहनत की कमाई को नुकसान पहुँचाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल सत्ता में रहकर स्वार्थसिद्धि में लगी रही और आम जनता के हितों की अनदेखी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने "कांग्रेस हटाओ, देश बचाओ", "भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस", "राहुल गांधी होश में आओ" जैसे नारे लगाए। पुतला दहन के समय कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर था, और मौके पर भीड़ भी उमड़ पड़ी थी।

प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम कर रखे थे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर प्रदर्शन की निगरानी की और कानून व्यवस्था बनाए रखी।

प्रदर्शन के दौरान मौजूद भाजयुमो के जिला अध्यक्ष आशीष कुमार रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासनकाल में करोड़ों रुपये के घोटाले किए, जिनमें 2G घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला, कोयला घोटाला जैसे कई बड़े मामले शामिल हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता को इन मुद्दों पर जागरूक कर रहे हैं ताकि देश दोबारा भ्रष्ट शासन की ओर न जाए।

इस प्रदर्शन को आगामी लोकसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा लगातार कांग्रेस पर हमलावर है और इस तरह के प्रदर्शनों से वह जनता के बीच कांग्रेस की कथित नाकामियों को उजागर करने की कोशिश कर रही है।

Next Story
Share it