मुगलसराय में अवैध होर्डिंग्स पर नगर पालिका का शिकंजा, ईओ अविनाश कुमार ने दी कड़ी चेतावनी

ओ पी श्रीवास्तव,चंदौली
चंदौली, मुगलसराय:खबर जनपद चंदौली से है जहां शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से मुगलसराय नगर पालिका ने सोमवार को एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नगर के प्रमुख चौराहों पर बिना अनुमति लगाए गए अवैध बैनर और होर्डिंग्स को हटाया गया। अभियान का नेतृत्व ईओ (एसडीएम) अविनाश कुमार ने किया, जिन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की निगरानी की।
अभियान की शुरुआत सुबह 7 बजे चकिया तिराहे से हुई, जो कि नगर का एक प्रमुख और व्यस्त चौराहा है। यहां राजनीतिक दलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और निजी संस्थाओं द्वारा लगाए गए कई होर्डिंग्स नियमों की खुल्लमखुल्ला अनदेखी कर रहे थे। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी मशीन और मजदूरों की सहायता से इन बैनरों को हटाया और जब्त कर लिया।
ईओ अविनाश कुमार ने कहा कि शहर की साज-सज्जा और जनसुविधा के लिए यह आवश्यक है कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति कोई भी विज्ञापन या प्रचार सामग्री न लगाई जाए। इससे न केवल दृश्य प्रदूषण होता है, बल्कि कई बार यातायात में रुकावट और दुर्घटनाएं भी होती हैं।उन्होंने आगे बताया कि नगर पालिका पूर्व में भी कई बार इस विषय पर चेतावनी दे चुकी है, लेकिन इसका पालन न होने पर अब सख्त कार्रवाई का रास्ता अपनाया गया है। आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ईओ ने आम नागरिकों, व्यापारियों और संस्थानों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार का प्रचार सामग्री लगाने से पहले नगर पालिका से विधिवत अनुमति लें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई बिना अनुमति बैनर या होर्डिंग लगाता पाया गया, तो उसके खिलाफ न सिर्फ जब्ती की कार्रवाई की जाएगी बल्कि आर्थिक दंड (जुर्माना) भी लगाया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद शहरवासियों में संतोष देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखेगा, साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
नगर पालिका का यह अभियान न केवल एक प्रशासनिक कार्रवाई है, बल्कि शहर को बेहतर और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल भी है। यदि इस मुहिम को निरंतरता और जनसहयोग मिले, तो मुगलसराय एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नगर के रूप में मिसाल बन सकता है।