Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

मत्स्य मंत्रालय के सचिव अभिलक्ष लिखी द्वारा निर्माणाधीन मत्स्य मंडी का निरीक्षण

मत्स्य मंत्रालय के सचिव अभिलक्ष लिखी द्वारा निर्माणाधीन मत्स्य मंडी का निरीक्षण
X


मंडी को सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश

ओ पी श्रीवास्तव, चंदौली

चंदौली। भारत सरकार के मत्स्य मंत्रालय के सचिव अभिलक्ष लिखी ने बुधवार को चंदौली की नवीन मंडी परिषद स्थित निर्माणाधीन मत्स्य मंडी का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि मंडी के संचालन से पूर्व इसे सभी आवश्यक आधुनिक तकनीकी एवं बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, जिससे मत्स्य व्यवसाय को प्रोत्साहन मिल सके और मत्स्यपालकों को प्रत्यक्ष लाभ सुनिश्चित हो।

सचिव ने विशेष रूप से आइस प्लांट, आइस सप्लाई व्यवस्था, कोल्ड चेन नेटवर्क, स्वच्छता, जल निकासी तथा विपणन सुविधा के सुदृढ़ विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस मंडी को देश के लिए एक ‘मॉडल मत्स्य व्यापार केंद्र’ के रूप में विकसित किया जाए, जो क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर मत्स्य व्यवसाय की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हो।

निरीक्षण के दौरान सचिव लिखी ने मौके पर उपस्थित मत्स्य पालकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार मत्स्यपालकों की आय में वृद्धि और सतत विकास के लिए कृतसंकल्प है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों तथा उपस्थित मत्स्य पालकों/किसानों के साथ बैठक की। इस दौरान दुकानों के आवंटन संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी तथा नियमों के अनुसार निष्पक्ष आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि यह निरीक्षण न केवल परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ‘ब्लू इकोनॉमी’ को मजबूती देने की सरकार की दूरदर्शी नीति को भी प्रतिबिंबित करता है।इस अवसर पर मत्स्य विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मत्स्य पालक उपस्थित रहे।

Next Story
Share it