साहित्य अकादमी द्वारा अनुवाद पुरस्कार 2024 की घोषणा- हिंदी अनुवाद के लिए मदन सोनी, अंग्रेज़ी अनुवाद के लिए अनीसुर रहमान पुरस्कृत

नई दिल्ली, 7 मार्च। साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में अकादेमी के कार्यकारी मंडल की बैठक में आज 21 अनुवादकों को साहित्य अकादमी अनुवाद पुरस्कार 2024 के लिए अनुमोदित किया गया। चयनित 21 पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने निर्धारित चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार हेतु चुना है। नेपाली और संस्कृत भाषाओं में अनुवाद पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी।
हिंदी में अनुवाद के लिए मदन सोनी को यशोधरा डालमिया की अंग्रेजी पुस्तक के हिंदी अनुवाद सैयद हैदर रज़ा एक अप्रतिम कलाकार की यात्रा के लिए पुरस्कृत किया गया है। अंग्रेज़ी में यह पुरस्कार अनीसुर रहमान को उनके द्वारा अनूदित पुस्तक हजारों ख्वाहिशें ऐसी (द वंडरफुल वर्ल्ड ऑफ उर्दू ग़ज़लस) को दिया गया है। पंजाबी के लिए चंदन नेगी को पुस्तक तेरे लैई के अनुवाद तथा बाङ्ला के लिए बासुदेब दास को सदगरेर पुत्र नौका बेय जय पुस्तक के अनुवाद हेतु पुरस्कृत किया गया है।
यह पुरस्कार उन पुस्तकों से संबंधित हैं, जो एक जनवरी 2018 से 31 दिसंबर 2022 के मध्य प्रथम बार प्रकाशित हुई हैं।
पुरस्कृत अनुवादकों को पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50 हजार रुपए की सम्मान राशि आगे एक विशेष समारोह में प्रदान की जाएगी।