सबसे बड़े अमृत स्नान के लिए अखाड़ों की सजीं शाही सवारियां, 21 श्रृंगार करके निकलेंगे नागा
![सबसे बड़े अमृत स्नान के लिए अखाड़ों की सजीं शाही सवारियां, 21 श्रृंगार करके निकलेंगे नागा सबसे बड़े अमृत स्नान के लिए अखाड़ों की सजीं शाही सवारियां, 21 श्रृंगार करके निकलेंगे नागा](https://www.jantakiawaz.org/h-upload/2025/01/28/532030-fd17fef4-48d1-4d14-b2f3-602cbb6054a8.webp)
चुस्त सुरक्षा इंतजामों के बीच मौनी अमावस्या पर सबसे बड़ा अमृत स्नान संगम तट पर बुधवार की सुबह 6:15 बजे आरंभ होगा। इसके लिए शाही सवारियां सज गई हैं। आधी रात के बाद तक जूना अखाड़े के माईबाड़ा से लेकर नागा संन्यासियों के धूने तक संन्यासिनियों और नागाओं का भस्म,चंदन शृंगार होता रहा। देर रात शाही सवारियां भी सजा दी गईं। रथों, बग्घियोें, हाथी, ऊंट, घोड़ों की सवारियों के साथ अखाड़ों के पीठाधीश्वर, महंत, महामंडलेश्वर सज धज कर अमृत स्नान के लिए निकलेंगे।
जूना अखाड़े में चांदी के हौदे के साथ रथों और बग्घियों को फूलों से सजाया जाता रहा। हाथियों के सूंड, मस्तक और हौदे भी रंग-रोगन किए जाते रहे। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि का मत्स्याकार विशाल रथ देर रात तैयार कर लिया गया। वह अपने शिष्य, शिष्याओं के साथ इसी रथ पर सवार होकर सुबह अमृत स्नान के लिए निकलेंगे।
इसी तरह श्रीरामानंदी पंचायती निर्मोही अनि अखाड़े के महामंडलेश्वर बिहारी दास और पान वाले बाबा का अश्व रथ भी सजा दिया गया। वह अपने शिष्यों के साथ अश्व रथ पर सवार होकर संगम जाएंगे। इसी तरह अमेरिका की अरबपति महिला उद्यमी लॉरेन जॉब्स को महाकुंभ में तीन का कल्पवास और साधना कराकर सुर्खियां बटोरने वाले निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि भी अपने शाही रथ पर सवार होकर निकलेंगे।
इस बार निरंजनी अखाड़े के रथ पर एक बार फिर मॉडल हर्षा रिछारिया को शाही सवारी कराने का अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज ने एलान किया है। हर्षा फिर शाही सवारी करेगी और वह रथ पर सवार होकर अमृत स्नान के लिए संगम जाएंगी। इससे पहले निरंजनी अखाड़े के आचार्य रथ पर हर्षा की शाही सवारी को लेकर विवाद हो गया था।