प्रयागराज में होलिका दहन के बवाल में मुकदमा, ACP ने चार पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर

प्रयागराज। होलिका दहन को लेकर गुरुवार रात दो समुदाय के लोगों के बीच झड़प के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष व उनके साथी की पिटाई कर दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर लाकर हवालात में बंद कर दिया। भाजपाइयों ने दूसरे पक्ष के लोगों को हवालात से निकालकर छोड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस के विरुद्ध जमकर हंगामा किया। मऊआइमा थाना क्षेत्र के कटरा दयाराम बागी गांव में होलिका दहन के लिए गुरुवार शाम हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। मुस्लिम पक्ष का कहना था कि वहां होलिका दहन नहीं होता रहा है। आरोप है कि मुस्लिम पक्ष के लोगों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सरोज व उनके साथी सतीश चंद्र को लाठी-डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जेब से पैसे भी निकाल लिए।
मऊआइमा के कटरा दयारामपुर में होलिका दहन को लेकर दो समुदाय के लोगों में विवाद के बाद जमकर हंगामा हुआ। भाजपा के मऊआइमा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सरोज का आरोप है कि दूसरे समुदाय के लोगों ने उन्हें और उनके साथी सतीश चंद्र को लाठी डंडों से पीटा। शिकायत करने पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई के बजाय उन्हें ही थाने में लाकर लॉकअप में बंद कर दिया।
इसकी जानकारी पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारी ने थाने का घेराव कर दिया। मामले की जानकारी पर डीसीपी गंगानगर व एसीपी पहुंचे और किसी तरह समझाकर पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं को शांत कराया। डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि दरोगा आनंद वर्मा व आरक्षी समीर, जामवंत सिंह और सुधीर कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। उधर, धर्मेंद्र की तहरीर पर 6 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस भी दर्ज कर लिया गया है।