Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

बिठूर महोत्सव में शामिल होने कानपुर आएंगे CM योगी, विकास कार्यों पर करेंगे चर्चा

बिठूर महोत्सव में शामिल होने कानपुर आएंगे CM योगी, विकास कार्यों पर करेंगे चर्चा
X

कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर की सूरत बदलने के लिए 23 मार्च को विकास का खाका खींचेंगे। बिठूर महोत्सव में शाम को शामिल होने से पहले सीएम दिन में प्रशासन, पुलिस अफसरों व जनप्रतिनिधियों के साथ समग्र विकास पर बात करेंगे।

गंगा रिवर फ्रंट, जूही खलवा पुल, यातायात सुधार, रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर अधिक फोकस होगा। इसीलिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने 22 मार्च को अपनी समग्र विकास की बैठक रद्द कर दी है। उनकी जगह सीएम रोडमैप समझेंगे।

सीएम योगी होंगे बिठूर महोत्सव में मुख्य अतिथि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 23 मार्च को बिठूर महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने आमंत्रित किया था। इसकी उन्होंने स्वीकृति भी दी थी। अब मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम तय हो गया है, केवल औपचारिक जानकारी आना बाकी है।

विधानसभा अध्यक्ष महाना ने बताया कि बुधवार सुबह मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात की। उनके कानपुर आने को लेकर 22 मार्च को होने वाली अपनी समग्र विकास की बैठक रद्द करते हुए 23 मार्च को मुख्यमंत्री से विकास पर बात करने का अनुरोध किया। इस पर सीएम ने सहमति जता दी है।

पिछली बार भी जब सीएम शहर आए थे तो उन्होंने गंगा रिवर फ्रंट, जूही खलवा पुल पर फ्लाईओवर, जलनिकासी, रिंगरोड के काम, शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सुधारने, मरियमपुर से दीप तिराहा तक फ्लाईओवर, दादानगर समानांतर पुल, जयपुरिया क्रासिंग समेत अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की थी। इस बार वे इनकी प्रगति जानेंगे।

साथ ही जनप्रतिनिधियों से बात करके नए विकास कार्यों को लेकर स्थिति समझेंगे। सीएम के आगमन को लेकर पुराने कार्यों की स्थिति देखी जा रही है। अफसर फाइलें खंगालने में जुट गए हैं।

सेंट्रल तक मेट्रो व मंधना-अनवरगंज ट्रैक पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री मेट्रो के मोतीझील से आगे सेंट्रल स्टेशन तक चलाने के शुभारंभ को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं। विकास कार्यों की बैठक में मेट्रो के अधिकारी भी रहेंगे। साथ ही मंधना से अनवरगंज के बीच एलीवेटेड रेलवे ट्रैक को लेकर भी चर्चा होनी तय मानी जा रही है। इसकी शुरुआत से 18 रेलवे क्रासिंगों पर 50 लाख आबादी को जाम से मुक्ति मिलेगी। 995 करोड़ रुपये की इस परियोजना को हरी झंडी मिल चुकी है। अब शिलान्यास होना बाकी है।

जिलाधिकारी, जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बिठूर महोत्सव स्थल के पास ही हेलीपैड तैयार हो गया है। विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उनके समक्ष रखी जाएगी। आधिकारिक सूचना आने से पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

Next Story
Share it