बरेली के अनाथालय में संचालित गुरुकुल के सभी सात बच्चे गायब, FIR दर्ज; पांच का अब नहीं मिला कोई सुराग

बरेली। आर्य समाज अनाथालय में संचालित गुरुकुल से बुधवार सुबह सात बच्चे अचानक गायब हो गए। उन्हें काफी ढूंढा गया लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। संस्था की आपातकालीन बैठक बुलाकर सभी को इस बारे में जानकारी दी गई व बच्चों के स्वजन को भी बताया गया।
दोपहर तक एक भी बच्चा अपने घर नहीं पहुंचा। मामले में शाम करीब 5:30 बजे संस्था के प्रधान की ओर से कोतवाली में प्राथमिकी लिखाई गई। देर शाम पता चला कि दो बच्चे अपने घर बदायूं पहुंच गए हैं। बाकी के पांच बच्चों की तलाश जारी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्य समाज अनाथालय की ओर से असहायों की सहायता के लिए गुरुकुल संचालित किया जाता है। संस्था के प्रधान ओमकार आर्य ने पुलिस को बताया कि इस गुरुकुल में बदायूं और शाहजहांपुर के सात बच्चे पढ़ते हैं।
बुधवार सुबह उठने पर गुरुकुल के आचार्य सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य ने देख कि कक्षा में एक भी बच्चा नहीं था। उन्होंने इसकी सूचना संस्था के प्रधान ओमकार आर्य को दी। इसके बाद सभी ने पूरे परिसर में बच्चों की तलाश की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद संस्था की आपातकालीन बैठक बुलाई। जिसमें बच्चों के गुम होने की जानकारी देने के साथ ही स्वजन को भी दी। सभी लोगों से बस अड्डे, रेलवे स्टेशन आदि पर खोजने को लोगों को भेजा गया, लेकिन वहां भी एक भी बच्चा नहीं मिला।
हर तरफ ढूंढने के बाद भी बच्चों की कोई भी जानकारी नहीं मिली तो मामले में कोतवाली में प्राथमिकी पंजीकृत कराई गई। संस्था की ओर से पुलिस को बताया गया कि गुरुकुल में पांच बच्चे शाहजहांपुर के हैं जबकि दो बच्चे बदायूं के दीक्षा ग्रहण करते हैं।
मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई और बच्चों की तलाश तेज कर दी। कोतवाली इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने बताया कि, जांच में पता चला कि बदायूं निवासी दो बच्चे अपने घर पहुंच गए हैं। बाकी शाहजहांपुर निवासी पांच बच्चों की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। उनकी तलाश जारी है।
इस प्रकरण में संस्था के प्रधान ओमकार आर्य से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि बच्चे अपने घर पर पहुंच गए हैं बाकी इससे ज्यादा मैं इस बारे में कुछ नहीं बता सकता।