ACP ऑफिस से फिल्मी स्टाइल में फरार हुआ शख्स, अधिकारी को दिया था अवैध पिस्टल की फैक्ट्री पकड़वाने का झांसा
आगरा। महिला के शारीरिक शोषण का आरोपित मुरारी की एसीपी कार्यालय से फिल्मी अंदाज में फरारी विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोपित ने अधिकारी को अवैध पिस्टल की फैक्ट्री पकड़वाने का झांसा दिया। एक पुलिसकर्मी को साथ लेकर गया, रास्ते में चकमा देकर भाग गया। एसओजी और सर्विलांस की टीम अब शातिर की तलाश में जुटी हैं।
मामला सिटी जोन के एक सर्किल का है। एक सप्ताह पहले एक महिला ने एसीपी कार्यालय में मुरारी के विरुद्ध शिकायत की। मूलरूप से फिरोजाबाद का रहने वाला मुरारी वर्तमान में आगरा में जगह बदल-बदलकर रहता है। महिला ने आरोप लगाया कि मुरारी ने उसे झूठ बोलकर अपने जाल में फंसाने के बाद शारीरिक शोषण किया। बाद में उसे पता चला कि उसके विरुद्ध कई मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है।
अवैध फैक्ट्री पकड़वाने का दिया झांसा
महिला की शिकायत पर एसीपी ने पुलिस को आरोपित को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस ने महिला के बताए पते पर जाकर खोजबीन की तो मुरारी स्कूटर पर जाते हुए मिल गया। आरोपित को एसीपी के सामने पेश किया। शातिर ने चाल चली, अधिकारी के पैर पकड़ लिए। कहा कि महिला से उसकी पुरानी मित्रता थी। वह तो पुलिस का मददगार है। शातिर ने कहा कि वह अवैध पिस्टल की फैक्ट्री पकड़वा देगा। वहां तैयार पिस्टल बाहर तक जाती हैं। जेल जाने से पहले वह पुलिस को गुडवर्क कराना चाहता है।
अधिकारी ने एक सिपाही को मुरारी के साथ भेजा। जिससे कि वह फैक्ट्री वाली जगह को चिन्हित कर ले। दबिश के लिए टीम तैयार की जाने लगी। इधर, सिपाही को साथ लेकर गए मुरारी ने एक जगह स्कूटर रोक लिया। सिपाही से कहा कि मुखबिर ने पुलिस के साथ देख लिया तो उसे फैक्ट्री नहीं दिखाएगा। इसलिए पहले वह खुद फैक्ट्री देखकर आता है। सिपाही को स्कूटर से उतारने के बाद मुरारी वहां से चला गया।
एक घंटे तक प्रतीक्षा के बाद नहीं लौटा तो सिपाही ने एसीपी को जानकारी दी। उन्हें मामला समझते देर नहीं लगी। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी उसे पकड़ने के लिए लगाया गया है। शातिर ने अपना मोबाइल बंद कर लिया है।