मुंबई के सबसे अमीर गणपति, 300 करोड़ का है बीमा

Update: 2016-09-05 02:35 GMT

मुंबई। सोमवार से मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की धूम मचेगी। एक बार फिर साल का वो समय आ गया है, जहां पूरा मुंबई 'गणपति बाप्पा मोरया' के नारे लगाता हुआ नज़र आएगा। इस साल सभी गणपति पंडालो में सुरक्षा के भी ख़ास इंतजाम किये गए हैं। सीसीटीवी की मदद से पंडालों में आने वाले भक्तों पर नज़र रखी जा रही है। इसी के साथ मुंबई पुलिस ने भी गणेश उत्सव को लेकर ख़ास तैयारियां की है। सुरक्षा के लिहाज से जगह जगह पर चाकचौबंद किया है। इस बार मुंबई के जीएसबी किंगसर्कल मंडल के बप्पा का 300 करोड़ का बीमा कराया गया है।

पिछली बार की तरह ही इस बार भी देश के सबसे अमीर गणपति के तौर पर मशहूर मुंबई के जीएसबी सेवा मंडल ने अपने गणपति का रिकॉर्ड 300 करोड़ का बीमा करवाया है। मुंबई के किंगसर्कल में मौजूद जीएसबी गणेश मंडल की अपनी एक अलग पहचान है, जिसे मन्नतों का गणपति भी कहा जाता है। यहां हर दिन डेढ़ से दो लाख भक्त बप्पा के दर्शन करने आते हैं। शहर के सबसे धनी मंडल, किंग सर्कल के गौड़ सारस्वत ब्राह्मण सेवा मंडल ने बप्पा के लिए 300 करोड़ रुपए का बीमा करवाया है, जिसमें 25 करोड़ गणपति के गहनों की चोरी होने पर, 10 करोड़ आग लगने पर, 40 करोड़ भूकंप आने पर, 225 करोड़ प्राकृतिक आपदा का शामिल है।

हर साल यहां सोने और चांदी से बप्पा की विशाल मूर्ति तैयार की जाती है। इस बार गणपति की मूर्ति में 68 किलो सोना और 327 किलो चांदी का इस्तेमाल किया गया है। सुरक्षा के लिहाज़ से 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसका कनेक्शन सीधे मुम्बई पुलिस कमिश्नर और स्थानीय पुलिस थाने को दिया गया है। 14 फीट ऊंची गणेश भगवान की प्रतिमा 2 महीने की मेहनत से तैयार की गई है, जिसका कुल वज़न दो टन है। ये मंडल 80 हज़ार स्क्वायर फिट में तैयार किया गया है, जहां रोजाना तकरीबन डेढ़ लाख भक्त दर्शन करने आ सकते हैं। बता दें कि गणेश जी की ये मूर्ति ईको फ्रेंडली है, जिसे मिट्टी से तैयार किया गया है।



Similar News