अखिलेश मंत्रिमंडल में बढ़ सकती है मंत्रियों की तादाद, जानिए किसको मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है

Update: 2016-09-24 01:45 GMT

सपा परिवार में मची उथल-पुथल के साए में अखिलेश मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। इसमें गायत्री प्रजापति व जियाउद़्दीन रिजवी की शपथ लेना तो तय है। पर, माना जा रहा है कि राजकिशोर की वापसी भी हो सकती है।

इसके अलावा शिवाकांत ओझा को दोबारा मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है। ब्राह्मणों को लुभाने की विरोधी दलों की कोशिश के मद्देनजर मनोज पांडेय की भी वापसी हो सकती है। इतना जरूर है कि जगह बनाने के लिए एक दो मंत्रियों की छुट्टी भी करनी होगी।

सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव अब इन सब मसले पर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सलाह कर अन्तिम फैसला ले सकते हैं। मुलायम सिंह यादव शुक्रवार को लखनऊ पहुंच गए हैं। संभवत: वह एक दो दिन में दावेदारों के नामों पर हरी झंडी देंगे। सूत्रों के मुताबिक शिवकांत ओझा व राजकिशोर की पैरवी शिवपाल यादव की ओर से है।

मनोज पांडेय को मुलायम सिंह का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि एक दो मंत्री हटाए जा सकते हैं। इसमें पश्चिमी यूपी से आने वाले अल्पसंख्यक वर्ग के मंत्री शामिल हैं तो एक और मंत्री का संबंध अवध क्षेत्र से है। इस तरह देखा जाए जिन मंत्रियों की वापसी होनी है, वह अखिलेश सरकार में पहले भी मंत्री रह चुके हैं। संयोगवश गायत्री प्रजापति तो इसी सरकार में चौथी बार शपथ लेंगे।

हाल में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दो मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया था। मुलायम के दखल के बाद गायत्री की मंत्रिमंडल में वापसी का ऐलान हुआ। राजकिशोर की वापसी की प्रबल संभावना बनी हुई है। विस्तार के साथ ही विभागों में भी फेरबदल होगा। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री को मिलाकर वर्तमान में 57 सदस्य हैं। तीन और को मंत्री बनाया जा सकता है। चौथे दावेदार को मंत्री बनाने के लिए कम से कम एक मंत्री को तो हटाना ही पड़ेगा।

Similar News