500-1000 के नोट बंद होने की खबर सुनते ही दबंग ने कारीगरों पर पलटी गर्म तेल की कढ़ाई
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पीएम मोदी के 500-1000 के नोट बंद करने की घोषणा के बाद झगड़ा हो गया। धीरे-धीरे झगड़ा इतना बढ़ गया कि होटल में काम करने वाले दो कारीगरों पर खाना खाने आए एक युवक ने गर्म तेल की कढ़ाई डाल दी। युवक के एेसा करने पर झुलसे कारीगरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर एक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार मामला आगलरा जिले के नाई मंडी स्थित एक होटल का है। जहां पर मंगलवार की रात को एक दबंग युवक होटल में बिरयानी खाने पहुंचा। बिरयानी खाते हुए ही दुकान पर काम करने वाले अजीम (35) ने 500 और 1000 के नोट बंद होने और जमाखोरों का बुरा हाल होने की बात कही। शाहरुख को लगा कि उससे झूठ बोला जा रहा है, जिसके बाद वो गाली-गलौज करने लगा। जब अजीम ने इसका विरोध किया तो गुस्से में शाहरुख ने मुर्गा और मछली फ्राई करने के लिए जल रहे खौलते तेल से भरी कढ़ाई को उस पर पलट दिया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना में झुलसे हुए घायलों को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि अजीम बुरी तरह से झुलस गया है व इस्लामुद्दीन को हल्की चोट आई है। पीड़ितों की ओर से पुलिस को आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।