आज इतिहास रचने के इरादे से उतरेंगी दीपा कर्माकर

Update: 2016-08-14 19:54 GMT

रियो ओलंपिक में भारत के लिए निराशा का दौर थमने का नाम ही नहीं रहा है। आज ओलंपिक के नौवें दिन महिलाओं की जिम्नास्टिक स्पर्धा के फाइनल में भारतीय चुनौती पेश करेंगी। फाइनल में जगह बनाकर पहले ही इतिहास रच चुकीं दीपा 70 वें स्वतंत्रता दिवस के पहले सवा अरब भारतीयों को ओलंपिक पदक उपहार में देने की कोशिश करेंगी।

यदि आज दीपा पदक जीतने में सफल होती हैं तो वह हमेशा के लिए भारतीय खेल इतिहास में अमर हो जाएंगी। दीपा ने रियो में ओलंपिक ट्रायल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था। इसलिए उनसे पूरे देश को ओलंपिक पदक की आशा है। दीपा की स्पर्धा भारतीय समयानुसार रात 11.17 बजे शुरु होगी। 

वहीं दूसरी तरफ रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा की जोड़ी आज रात 8.30 बजे कांस्य पदक के लिए चेक रिपब्लिक की जोड़ी से भिड़ेगी।

पुरुषों की भारतीय हॉकी टीम रात 9 बजे क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ उतरेगी। 36 साल बाद भारत ओलंपिक में हॉकी के नॉक आउट दौर में पहुंचा है। यदि भारतीय टीम आज जीत दर्ज करती है तो वह पदक से दो कदम की दूरी पर रह जाएगी।

वहीं बैडमिंटन में महिला एकल में सायना नेहवाल और पीवी सिंधु अपने ग्रुप दौर के दूसरे मुकाबले में उतरेंगी, यदि दोनों जीत जाती हैं तो दोनों ही खिलाड़ी अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर लेंगी। आज सायना का मुकाबला यूक्रेन की यूलीटीना मारिया से और सिंधु का मुकाबला कनाडा की मिशेल ली से होगा। पुरुषों की एकल स्पर्धा में भारत के किदंबी श्रीकांत का मुकाबला स्वीडन के एच हेनरी से होगा।

बॉक्सिंग में मनोज कुमार का मुकाबला उजबेकिस्तान के गैबनाजारोव फजाबिद्दीन से होगा। 

एथलेटिक्स में महिलाओं के मैरथन मुकाबले में कविता राउत और ओपी जैशा भारतीय चुनौती पेश करेंगी। 

Similar News