चुनाव प्रचार का शोर आज शाम से थम जाएगा

Update: 2017-02-17 02:47 GMT

विधानसभा चुनाव में लाउडस्पीकर, रैलियों और सभाओं का शोर शुक्रवार को थम जाएगा। बड़े-बड़े नेताओं की रैली, प्रत्याशियों की सभाएं, ढोल नगाड़ों के साथ जनसम्पर्क, चुनावी रथों पर बजते लाउडस्पीकर सब बंद हो जाएंगे। शुक्रवार शाम पांच बजे के बाद प्रत्याशी चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे।

वोटिंग रविवार को होगी। 17वीं विधानसभा के लिए तीसरे चरण में 19 फरवरी को राजधानी की नौ विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। नामांकन के बाद बीते करीब एक पखवारे से 126 प्रत्याशी चुनावी मैदान में वोटरों को रिझाने में जुटे हैं। इस दौरान प्रत्याशियों ने वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए केन्द्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री व पार्टी के बड़े -बड़े नेताओं की सभाएं की। दमखम दिखाने के लिए उम्मीदवारों ने रैलियां निकालीं, जनसम्पर्क किया व बैठक की।

चुनावी रथ उम्मीदवारों का गुणगान करते रहे। चुनाव प्रचार के इस तामझाम पर शुक्रवार शाम पांच बजे से रोक लग जाएगी। आयोग के निर्देशों के मुताबिक मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार पर रोक लगा दी जाती है। शनिवार को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां : राजधानी में 19 फरवरी रविवार को मतदान कराने के लिए 18 फरवरी (शनिवार) को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। पार्टियों की रवानगी सेक्टर-एल, आशियाना (स्मृति उपवन) से होगी।

शनिवार सुबह सात बजे से पोलिंग पार्टियां अपने बूथों की ओर रवाना की जाएंगी। इसे लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। राजधानी की नौ विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए 1441 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 3360 बूथ स्थापित किए गए हैं। मतदान कराने के लिए हर बूथ पर पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकार प्रथम, द्वितीय व तृतीय समेत चार सदस्यीय टीम भेजी जाएगी। जिन तीन विधानसभा सीटों पर वीवी पैट लग रहा है वहां एक -एक अतिरिक्त कर्मचारी और तैनात रहेगा। यह सभी कर्मचारी शनिवार सुबह से स्मृति उपवन से ईवीएम समेत अन्य चुनाव सामग्री लेकर अपने निर्धारित वाहनों से बूथों के लिए रवाना होंगे।

340 बूथों पर होगी वेब कॉ¨स्टग: राजधानी के 340 बूथों पर आयोग वेब कॉ¨स्टग के जरिए अपनी नजर बनाए रखेगा। इन बूथों पर चुनाव का सीधा प्रसारण किया जाएगा। जो कि आयोग की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा। आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस: मध्य विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बृजेश पाठक और सपा प्रत्याशी रविदास मेहरोत्र को आचार संहिता उल्लंघन का दोषी पाया गया है। इन दोनों को नोटिस जारी करते हुए आरओ ने शुक्रवार को जवाब मांगा है।

Similar News