अब तक अमेठी में कलेक्टर ऑफिस क्यों नहीं है : अमित शाह

Update: 2017-10-10 08:08 GMT

अमेठी  भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज पार्टी के 'मिशन अमेठी' का मोर्चा संभाल लिया। गौरीगंज के मैदान में बने मंच पर उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अमित शाह हेलीकाप्टर से अमेठी के गौरीगंज के कौहार मैदान में उतरे। यूपीएसआइडीसी के सम्राट साइकिल फैक्ट्री प्रांगण के इस मैदान में बने मंच पर अमित शाह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी भी हैं।

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह आज कांग्रेस तथा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के गढ़ अमेठी में जमकर गरजे। अमित शाह ने कहा कि आप लोग अमेठी का विकास देख ही रहे होंगे। जब यहां अभी तक कलेक्टर (जिलाधिकारी) का ऑफिस नहीं बना है तो फिर विकास का काम कौन कराएगा। राहुल गांधी जी लगातार यहां से सांसद चुने जा रहा है, लेकिन लगता है क्षेत्र के विकास पर उनका ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो यहां पर अभी तक साधारण सी बीमारी मानी जाने वाली टीबी का अस्पताल ही नहीं बना है तो फिर अन्य विकास की बात करना तो बेकार ही है। यहां पर तो गरीबों को घर तक नहीं मिले है, लेकिन अब सब मिलेगा। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता विकास जानती है, राहुल जी आप अमेठी को देखिये आपने क्या बंटा धार किया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार की अमेठी पर विशेष नजर है। यह वीआइपी क्षेत्र होने के बाद इतना पिछड़ा है, यह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के हर कोने का प्रतिबद्धता के साथ विकास करेगी। प्रदेश सरकार हर ïनागरिक के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। मैं आश्वस्त करता हूं कि अमेठी और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए प्रदेश की सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सम्राट साइकिल फैक्ट्री के नाम पर जमीन को राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम पर जमीन हड़पने की साजिश हो रही है। हम इस जमीन को किसी भी कीमत पर नही देंगे। राजीव गांधी फाउंडेशन का यह इरादा पूरा नही होगा। अमेठी का विकास बीजेपी सरकार में हो रहा है। हमारी सरकार किसानों के लिए कार्य कर रही है। पीएम के मार्गदर्शन में हमारी सरकार जनता के हितों के लिए कार्य कर रही है। बीजेपी विकास के मार्ग पर चल रही है, पीएम मोदी ने देश का गौरव बढाया। 

कांग्रेस के गढ़ अमेठी में भाजपा के तमाम दिग्गजों ने आज मोर्चा संभाल लिया है। कौहार में भाजपा की जनसभा में मंच पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने भी पीएम आवास योजना के साथ ऋण मोचन के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र बांटा। 

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने कहा कि मैं अमेठी में भाजपा की एक प्रतिनिधि बनकर आई पर आज अमेठी की दीदी बन गई हूं। यह मेरा सौभाग्य है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार विकास के मामले में जरा भी भेदभाव नहीं करती है। विकास के मामले में यहां पर राजनीति नहीं होती है। भाजपा सरकार ने अमेठी में जो सात साल में न हो सका, वो छह महीने में करके दिखाया। नरेंद्र मोदी सरकार ने जो काम कर दिया है वह देश में मिसाल बन गया है। इतने विकास काम बीते कई वर्ष में देश में नहीं हुए जितना काम तीन वर्ष में हो गया।

उन्होंने कहा कि अमेठी के सांसद राहुल गांधी गुजरात में जाकर वहां के विकास नहीं होने की बात करते फिर रहे हैं, उनको अपनी अमेठी के विकास का कोई काम याद नहीं आ रहा है। सच तो यह है कि उन्होंने यहां पर कोई काम कराया ही नहीं है। अगर कराया होता तो बीते चुनाव में यहां पे पिपरी गांव के लोग मतदान का बहिष्कार करने पर मजबूर न होते। 

Similar News