पीलीभीत - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत जिले में औचक निरीक्षण पर थे। धान क्रय केंद्र पर निरीक्षण के दौरान कहा कि धान की सरकारी खरीद व्यवस्था किसानों के लिए है, इसलिए एक भी धान बिचौलियों के हाथ में नहीं जाना चाहिए और न ही किसानों को बिक्री में किसी प्रकार की दिक्कत आनी चाहिए।
मंडी में बिजली, पानी, सेड व सफाई संबंधी अव्यवस्थाओं के लिए फटकार भी लगाई। मंडी सभापति व सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी के शेडों की तत्काल मरम्मत कराएं। यहां पर साफ-सफाई, पानी व प्रकाश की व्यवस्था चाकचौबंद होनी चाहिए, जिससे यहां आने वाले किसान व व्यापारी प्रसन्नता का अनुभव करें।
मुख्यमंत्री दोपहर डेढ़ बजे हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे। जिलाधिकारी शीतल वर्मा व पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने मुख्यमंत्री की अगवानी की। वहीं से सीधे कार से मंडी रवाना हो गए। मंडी में सभी क्रय केंद्रों पर जाकर मुख्यमंत्री ने किसानों से सीधे बात की।
परेवा वैश्य के एक किसान ने बताया कि कई बार नमी बताकर धान वापस कर दिया जाता है। जबकि नमी का मानक उस दौर का है, जब लोग हाथ से धान काटकर सुखाते थे। कंबाइन से काटे जाने पर कुछ नमी तो रहती है, इसमें ढील मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने तुरंत जिलाधिकारी को कहा कि नमी बताकर धान कतई वापस नहीं किया जाना चाहिए। एक किसान ने जंगल किनारे बाघ व जंगली जानवरों से असुरक्षा का भी मुद्दा उठाया तो मुख्यमंत्री ने कहा तार फैंसिंग के आदेश हो गए हैं, उसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
एक किसान ने तली का धान न खरीदे जाने की शिकायत की तो मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कतई नहीं होना चाहिए। किसानों के लिए हजार-डेढ़ हजार रुपए बहुत मायने रखता है। मुख्यमंत्री ने किसानों से यह भी कहा कि वे सच्चाई बताने में किसी प्रकार का संकोच न करें।
मंडी में करीब आधे घंटे तक चले निरीक्षण में मुख्यमंत्री के साथ विधायक संजय गंगवार, किसनलाल राजपूत, राम सरन वर्मा के अलावा मंडलायुक्त पीवी जगनमोहन व आईजी जोन एसके भगत भी मौजूद रहे।
सामने ट्रालियों की तोल करवाई
मुख्यमंत्री ने मथना गन्ना सेंटर का निरीक्षण किया। अपने सामने ट्रालियों की तोल करवाई । बाट कांटे का भी निरीक्षण किया। इसके बाद चूका के लिए रवाना हुए।
इसके बाद मुख्यमंत्री को एलएच चीनी मिल जाकर धान खरीद का हाल लेना था, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने यह कार्यक्रम निरस्त कर दिया और माधौटांडा की ओर रवाना हो गए। उनके जिले में कई जगह जाने के कार्यक्रम को देखते हुए टाइगर रिजर्व के चूका बीच गेट पर भी वन कर्मी तैनात थे। माधौ टांडा रोड होते हुए चूका तक जाने के बाद वह करीब तीन बजे लखनऊ वापसी करेंगे।
सीतापुर में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर जिले के अधिकारी चौकन्ने हैं। शासन से मिले अलर्ट के अनुसार वह आज लखीमपुर और सीतापुर भी आ सकते हैं।
बहरहाल, जिला प्रशासन के निर्देश पर धान खरीद से जुड़े सभी अधिकारी सतर्क हैं। डिप्टी आरएमओ सुबह से ही सिधौली तहसील क्षेत्र के क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने में जुटे। विद्या ज्ञान स्कूल में हेलीकॉप्टर उतरने के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस फोर्स भी लग गई है।