मेरठ - समाजवादी पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने के बाद आज मेरठ पहुंचे अखिलेश यादव ने वेस्ट उत्तर प्रदेश का सियासी तापमान बढ़ा दिया है। वह आज मेरठ में पार्टी के सिवालखास से विधायक रहे गुलाम मोहम्मद की पुत्री को निकाह के बाद आशीर्वाद देने आए थे।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज दोपहर परतापुर हवाई पट्टी पर उतरे। इसके बाद सिवालखास से सपा के पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद की पुत्री व दामाद को आशीर्वाद देने फैज-ए-आम कालेज पहुंचे। इनका निकाह 16 अक्टूबर को हुआ था।
वहां पर अखिलेश यादव ने वेस्ट यूपी का सिपासी तापमान बढ़ा दिया। विधानसभा चुनाव के बाद उनका यह पहला निजी दौरा है। कुछ दिन पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बने अखिलेश यादव को इस दौरान स्थानीय नेताओं के बीच चल रही आपसी खींचतान का सामना भी करना पडऩे की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
वह अपने खास माने जा रहे लोगों के बीच में ही रहे और उनसे वार्ता की। इसी दौरान उन्होंने शिक्षकों से भी भेंट की।
निकाय चुनावों की हलचल
अखिलेश यादव के आगमन पर सियासी पारा बढ गया। निकाय चुनावों से पहले शहर में उनकी उपस्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता की हलचल तेज हो गई। वहां पर मेयर तथा सभासद के प्रत्याशियों की बड़ी भीड़ एकत्र थी।
विधान सभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद सपा संभल नहीं पाई है, जबकि निकाय चुनावों से पहले जिला कमेटी के साथ स्थानीय नेताओं में खींचतान ने पार्टी की नींद उड़ा दी है।
आज अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी काफी टिप्स दी। परतापुर हवाई पट्टी से आते हुए कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया।
आज इसी दौरान राष्ट्रीय लोकदल के प्रशांत गौतम और ताराचंद शास्त्री के सपा में शामिल होने के कयास भी लगाए जा रहे हैं।