लखनऊ : भाजपा ने निकाय चुनाव के उम्मीदवार तय करने के लिए फार्मूला तय कर दिया है। हर निकाय से तीन दावेदारों का पैनल बनेगा और उसमें सबसे बेहतर को मौका दिया जाएगा। निकाय चुनाव जीतने के लिए भाजपा पूरी ताकत लगाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय और मंत्रियों समेत वरिष्ठ नेता निकाय सम्मेलनों में शामिल होंगे। भाजपा ने अपने रणनीतिकारों को दो टूक कह दिया है कि निकाय चुनाव में न केवल प्रदेश सरकार की परीक्षा होगी बल्कि गुजरात चुनाव को भी यह ऊर्जा देने का काम करेगा।
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में कई अहम फैसले हुए। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बिन्दुवार समीक्षा की। अध्यक्ष और संगठन महामंत्री ने क्षेत्रवार अध्यक्षों और संगठन मंत्रियों से भी उम्मीदवारों के संदर्भ में राय मशविरा किया। अब अंतिम स्क्रीनिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। विशेष रूप से नगर निगम के लिए महापौर और वार्ड के पार्षदों का नाम तय किया जाएगा। एक नवंबर को क्षेत्रों में बैठक की जाएगी तो दो नवंबर को लखनऊ कार्यालय में बैठक का आयोजन होगा। सभी प्रभारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में तीन दिन रहकर सूचना एकत्र करने का काम करेंगे।
बैठक में अगले सप्ताह सभी निकायों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी। हर निकाय के लिए स्थानीय स्तर से तीन कार्यकर्ताओं का पैनल बनाकर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पर सहमति बनी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपना-अपना बूथ जिताने के लिए तैयार हैं। भाजपा यह चुनाव मोदी और योगी की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ लड़ेगी। उन्होंने चुनाव में कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत लगाने की अपेक्षा के साथ कहा कि हमारे लिए प्रत्याशी नहीं पार्टी का चुनाव चिह्न् महत्वपूर्ण है।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निकाय चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस राठौर ने बताया कि निकायों में होने वाले सम्मेलनों में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी त्यागी, बाबूराम निषाद, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, प्रदेश मंत्री संतोष सिंह, गोविंद नारायण शुक्ल और क्षेत्रीय अध्यक्ष और संगठन मंत्री समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।