हमीरपुर को सीएम का बड़ा तोहफा, केन बेतवा लिंक परियोजना से किया जाएगा लिंक
लखनऊ। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच प्रस्तावित केन बेतवा लिंक परियोजना में हमीरपुर को भी जोड़ा जाएगा। अभी बुंदेलखंड के चार जिलाें को इस परियोजना से लाभांवित करने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को केन बेतवा लिंक परियोजना की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई व जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और भारत सरकार के बीच केन बेतवा लिंक परियोजना लेकर समझौता हुआ है। इस परियोजना से उत्तर प्रदेश की 2.51 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसमें बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों को लाभ मिलेगा।
केन बेतवा के 221 किमी. लंबी लिंक चैनल में से यूपी में 21 किमी. लिंक चैनल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए 271 हेक्टेयर भूमि के अधिग्रहण की आवश्यकता है। केन बेतवा लिंक परियोजना में नहर निर्माण खंड दो के अधिशासी अभियंता को नोडल बनाया गया है।
परियोजना को हमीरपुर को किया गया शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन बेतवा लिंक परियोजना से लाभांवित होने वाले जिलों में हमीरपुर को भी शामिल किया जाए। ऐसी व्यवस्था बने कि बांदा, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों के साथ-साथ हमीरपुर की कृषि योग्य भूमि को भी इस परियोजना का लाभ मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बांधों और तराई की नदियोें की गाद को निकालने का काम तेजी से पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने आगरा में ताज के पास रबर डैम बनाने की जरूरत पर बल दिया। साथ ही कहा कि अयोध्या में सरयू नदी में वेग और गाद ज्यादा है। सरयू के तेज बहाव और गाद से अयोध्या को कोई नुकसान न पहुंचे, इसके लिए आइआइटी की मदद से एक बांध बनाने की कार्ययोजना बनेगी।