बुलंदशहर : बसपा नेता की दबंगई, मकान बनवा रहे सिपाही को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; केस हुआ दर्ज
सिकंदराबाद। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधानसभा क्षेत्र प्रभारी इमरान और उनके तीन समर्थकों ने एक सिपाही और उनके परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि मुहल्ला झारखंडी निकट ओम पैलेस के पास कॉलोनी में सिपाही मोबीन के मकान का निर्माण हो रहा है। मोबीन गाजियाबाद में तैनात हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली से मकान निर्माण को जा रहे सामान को ले जाने को लेकर इमरान व समर्थकों ने विरोध किया था।
इसी विवाद में सोमवार को इमरान और उनके तीन समर्थकों ने सिपाही व उनके परिवार के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सिपाही के बेटे की तहरीर पर केस हुआ दर्ज
सीओ ने बताया कि पीड़ित सिपाही के बेटे मोइन खान की तहरीर पर आरोपित हाजी इमरान, अदनान, सलमान व उमेर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले को लेकर जांच की जा रही है। दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।
बसपा के जिला प्रभारी ने कहा, इमरान के पास नहीं है पद, केवल कार्यकर्ता
उधर, बसपा के जिला प्रभारी गजराज गौतम ने बताया कि इमरान सिकंदराबाद विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर 2017 में चुनाव लड़े थे। चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह पूर्व विधानसभा प्रभारी रहे हैं। अब उनके पास पार्टी में किसी पद की जिम्मेदारी नहीं है, वह केवल कार्यकर्ता हैं।
साइबर सेल की जांच में सही निकला केस
पिछले साल 2024 के मई माह में इंटरनेट मीडिया पर एक अश्लील वीडियो अपलोड हुआ था। साइबर थाना प्रभारी सतीश पुरी ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस पोर्टल के माध्यम से 25 जुलाई 2024 को शिकायत साइबर क्राइम लखनऊ मुख्यालय को प्राप्त हई। इसमें (फेसबुक) पर अश्लील वीडियो अपलोड करने की थी।
साइबर थाना पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि फेसबुक पर अश्लील वीडियो को नगर कोतवाली के नयागांव चांदपुर बाबी वाली गली निवासी सोनू कुमार पुत्र गंभीर सिंह और इसी गांव के सचिन पुत्र भूपेंद्र पाल सिंह ने अपलोड किया था। 26 जनवरी को साइबर थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि सोनू पर आठ और सचिन पर एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपितों का चालान कर दिया है।