राज्यसभा में पीएम मोदी जोश में बोले- 'जिसको किसी ने नहीं पूछा, मोदी उसको पूजता है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर संबोधन दे रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा कि देश को आगे की दिशा भी राष्ट्रपति जी ने दिखाई है। राष्ट्रपति जी का भाषण प्रेरक, प्रभावी था और हम सब के लिए भविष्य के काम का मार्गदर्शन भी था। मैं आदरणीय राष्ट्रपति जी के उद्बोधन पर धन्यवाद करने के लिए उपस्थित हुआ हूं। उन्होंने कहा कि करीब 70 से भी ज्यादा माननीय सांसदों ने अपने बहुमूल्य विचारों से इस आभार प्रस्ताव को समृद्ध करने का प्रयास किया है। यहां पक्ष, प्रतिपक्ष दोनों तरफ से चर्चा हुई, हर किसी न अपने-अपने तरीके से राष्ट्रपति जी के अभिभाषण के जिसने जैसे समझा, उसे वैसा समझाया। यहां पर सबका साथ, सबका विकास इसपर बहुत कुछ कहा गया। मैं समझ ही नहीं पाता हूं कि इसमें कठिनाई क्या है।
कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि जहां तक कांग्रेस का सवाल है, उनसे सबका साथ, सबका विकास की अपेक्षा करना, बहुत बड़ी गलती हो जाएगी। ये उनकी सोच के बाहर और समझ के बाहर है। साथ ही उनके रोडमैप में भी ये सूट नहीं करता है। क्योंकि वह इतना बड़ा दल हैं, एक परिवार को समर्पित हो गया है। उसके लिए सबका साथ सबका विकास संभव ही नहीं है। कांग्रेस ने राजनीति का एक ऐसा मॉडल तैयार किया था, जिसमें झूठ, फरेब, भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण सबका घालमेल था। जहां सबका घालमेल हो, वहां सबका साथ हो ही नहीं सकता। कांग्रेस के मॉडल में सर्वोपरि है, फैमिली फर्स्ट, इसलिए उनकी नीति, रीति, उनकी वाणी, उनका वर्तन उस एक चीज को संवारने में तपता रहा है।
जनता ने तीसरी बार दिया सेवा का मौका
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश ने हमें सेवा करने का अवसर दिया। हमें तीसरी बार जनता ने मौका दिया। देश की जनता का आभारी हूं। देश की जनता ने हमारे विकास के मॉडल को परखा है, समझा है और समर्थन दिया है। राष्ट्र प्रथम, इसी एक भावना और समर्पित भाव से हमने लगातार अपनी नीतियों में, अपने कार्यक्रमों, वाणी, वर्तन में, इसी वाक्य को मानदंड मानकर के देश की सेवा करने का प्रयास किया है। मैं बड़े गर्व के साथ और बड़े संतोष के साथ कहता हूं, एक लंबे अरसे यानी पांच से छह दशक तक देश के सामने आल्टरनेटिव मॉडल क्या हो, तराजू पर तौलने का मौका नहीं मिला। 2014 के बाद देश को ऑल्टरनेटिव और नया मॉडल देखने को मिला है।
चुनाव के समय हो सके वोट की खेतीः नरेंद्र मोदी
उन्होंने कहा कि ये नया मॉडल तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण पर आधारित है। कांग्रेस के कालखंड में, हर चीज में तुष्टिकरण, यही उनका एक प्रकार से औषधि बन गई थी, उनकी राजनीति करने की। उन्होंने स्वार्थनीति, राजनीति, देशनीति सबका घोटाला करके रखा हुआ था। तरीका ये होता था कि छोटे तबके को कुछ दे देना और बाकियों को तरसा कर रखना। लोगों के आंखों पर पट्टी बांधकर के अपनी राजनीति सियासत को चलाए रखना, ताकि चुनाव के समय वोट की खेती हो सके, यही कार्य चलता रहा। हमारी कोशिश रही है कि भारत के पास जो भी संसाधन है, उन संसाधनों का ऑप्टिमम यूटिलाइजेशन किया जाए। भारत के पास जो समय है, उस समय का भी बर्बादी से बचाकर के पल पल का उपयोग हो। देश की प्रगति, जनसामान्य के कल्याण के लिए, उसी पर वो खर्च हो। इसलिए हमने एक अप्रोच अपनाया, सैचुरेशन का अप्रोच।
पीएम मोदी बोले- सबका साथ, सबका विकास हमारा मूल मंत्र
पीएम मोदी ने कहा कि पैर उतने ही लंबे करने जितनी चादर हो। लेकिन जो योजना बने और जिनके लिए योजना बने, उन्हें इसका 100 फीसदी लाभ मिले। उन्होंने कहा कि हमारे गवर्नेंस का मूलमंत्र भी यही रहा है कि सबका साथ, सबका विकास। हमारी ही सरकार ने एससी, एसटी एक्ट को मजबूत बनाकर दलित और आदिवासी समाज के सम्मान और उनकी सुरक्षा के संबंध में अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई है। आज जातिवाद का जहर फैलाने का भरपूर प्रयास हो रहा है। लेकिन 3 दशक तक दोनों सदन के ओबीसी सांसद और सभी दलों के ओबीसी सांसद, सरकारों से मांग करते रहे थे कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। उसे उन्होंने ठुकरा दिया। इनकार कर दिया। क्योंकि शायद उस समय उनके राजनीति को ये सूट नहीं करता होगा। क्योंकि तुष्टिकरण की राजनीति और फैमिल फर्स्ट की राजनीति पर वो बैठेगा तो चर्चा तक के हित में नहीं आता।
बड़ी तेजी से रंग बदलने में माहिर है कांग्रेस
अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि इनकी सरकार में कभी भी बाबा साहब को भारत रत्न के लायक नहीं समझा गया। इस देश के लोगों ने बाबा साहब की भावना का आदर किया और सर्वसमाज न आदर किया। तब जाकर आज मजबूरन कांग्रेस को जय भीम बोलना पड़ रहा है, उनका मुंह सूख जाता है। कांग्रेस भी रंग बदलने में माहिर लग रही है। इतनी तेजी से अपना नकाब बदल देते हैं, ये इसमें साफ साफ नजर आ रहा है। कांग्रेस का अध्ययन करेंगे तो कांग्रेस की राजनीति, जैसे हमारा मूल मंत्र रहा सबका साथ, सबका विकास। वैसे उनका रहा दूसरे की लकीर छोटी करना। इसके कारण उन्होंने सरकारों को अस्थिर किया, किसी भी राजनतीकि दल की सरकार कहीं बनी तो उसको अस्थिर कर दिया। क्योंकि दूसरों की लकीर छोटी करने में वो लगे रहे। ये उन्होंने जो रास्ता चुना है ना, लोकसभा के बाद भी जो उनके साथ थे, वो भी भाग रहे हैं। यही उनकी नीतियों का परिणाम है कि आज कांग्रेस का ये हाल हो गया है। देश की सबसे पुरानी पार्टी, इतनी दुर्दशा। ये औरों की लकीर छोटी करने में अपनी शक्ति खपा रहे हैं ना, इसलिए उनकी ये दशा है। मैं बिना मांगे एडवाइस दे रहा हूं। आप अपनी लकीर लंबी करने के लिए सोचिए, तो कभी न कभी देश 10 मीटर दूर यहां आने का अवसर देगी।