फर्रुखाबाद। बिजली गिरने से गेहूं की थ्रेसरिंग कर रहे दो लोग झुलस गए। पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। झुलसे लोगों को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया गया है।
गांव वली पट्टी रानीगांव निवासी सर्वेश कुमार उर्फ सल्लू पांडेय के खेत में बटाई पर अमृतपुर निवासी ब्रजपाल प्रजापति ने गेहूं की फसल की है। शुक्रवार रात गेहूं की थ्रेसरिंग के लिए ब्रजपाल ट्रैक्टर लेकर गए। रात करीब 1:30 बजे गेहूं की थ्रेसरिंग हो रही थी। तभी ट्रैक्टर के निकट बिजली गिरी।
पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई
इससे ब्रजपाल का 11 वर्षीय पुत्र करन व राजकुमार प्रजापति का 22 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार झुलस गए। गेहूं के ढेर में आग लग गई। जिससे पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई। झुलसे लोगों को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया गया है। बिजली गिरने के दौरान काम कर रहे लोगों के हाथ पैर झनझना रहे हैं।
वहां मौजूद रहे राजकुमार प्रजापति बताते हैं कि चालक ट्रैक्टर मौके से भगा ले गया, यदि ट्रैक्टर खड़ा रहता तो आग लगने की आशंका थी। बिजली गिरने के बाद चारों तरफ धूल ही धूल दिखाई दे रही थी। एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया। जांच रिपोर्ट मिलने पर आर्थिक सहायता दी जाएगी।