सीएम योगी ने केजरीवाल पर बोला हमला- AAP सरकार ने यमुना को गंदे नाले में बदल दिया
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली जनसभा किराड़ी विधानसभा क्षेत्र में हो रही है। योगी आदित्यनाथध ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए प्रयागराज में चल रहे महाकुभ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सदी का सबसे बड़ा महाकुंभ प्रयागराज में चल रहा है। पिछले 10 दिनों में 10 करोड़ लोगों ने त्रिवेणी में स्नान किया। प्रयागराज में हर तरफ सफाई मिलेगी। सड़कें अच्छी मिलेगी। कल मैंने अपने कैबिनेट के सहयोगियों के साथ संगम में स्नान किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार ने यमुना को गंदे नाले में तब्दील कर दिया है। उन्होंने कहा कि क्या केजरीवाल में नैतिक साहस है कि वे दिल्ली कैबिनेट के सदस्यों के साथ जाकर यमुना में डुबकी लगा सकें।
सीएम योगी ने कहा कि दिल्ली की सड़कों से बेहतर नोएडा की सड़कें हैं। योगी आदित्य़नाथ ने आम आदमी पार्टी को झूठ का एटीएम बताया और धोखा देने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे को भी धोखा दिया। वे देश और जनता को धोखा दे रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2020 के दंगों में आम आदमी पार्टी के पार्षदों की मिलीभगत पूरी तरह से उजागर हो गई। ये लोग राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन्हें सत्ता में आने का अधिकार नहीं है।