आजम खां की टिप्पणी का शासन ने लिया संज्ञान अब कार्रवाई होगी

Update: 2017-06-30 16:06 GMT
सम्भल :  यूपी सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सेना के जवानों पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सपा नेता आजम खां पर बहुत जल्द कार्रवाई होगी। शासन ने मामले में संज्ञान ले लिया है। आजम पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का कुछ लोग दुरुपयोग कर रहे हैं। आजम ने सेना के जवानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके सीमा लांघ दी है। सैनिकों की वजह से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आजम हमेशा गलत ही बोलते हैं।
सम्भल जिले के प्रभारी मंत्री ने कुरकावली गांव में जनकल्याण सम्मेलन के बाद प्रेसवार्ता में औलख ने कहा कि एक बार पहले भी वह अपनी ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए भारत मां को डायन कहकर अपमानित कर चुके हैं। आजम का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उनकी टिप्पणी सेना का मनोबल गिराने वाली तो है ही देश का भी अपमान है। 

Similar News