जानलेवा ब्लू व्हेल खेल के चक्कर में बागपत के एक छात्र ने दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार शादी में गया था और छात्र घर पर अकेला था। पुलिस को कमरे में मोबाइल फोन पर ब्ल्यूव्हेल गेम का फाइनल (टास्क) चलता मिला है। परिवार में कोहराम मचा है।
21 वर्षीय छात्र प्रिंस उर्फ राज मूलरूप से बागपत जिले में बड़ौत क्षेत्र के गांव शिकोहपुर का रहने वाला था। पिता संजीव ठेकेदार हैं। परिवार अब दिल्ली में द्वारका इलाके रोजवुड अपार्टमेंट में रहता है। प्रिंस बीए का छात्र था। वह मोबाइल पर ब्लू व्हेल गेम खेलता था मगर घरवालों को इसकी भनक नहीं थी।
परिवार से जुड़े लोगों ने बताया कि मंगलवार को रिश्तेदार के यहां सहारनपुर में शादी थी। पूरा परिवार शादी में भाग लेने सहारनपुर गया था। प्रिंस घर पर अकेला था। मंगलवार रात उसने गेम का टास्क पूरा करते दिल्ली स्थित घर में फांसी लगाकर अपनी जान दी। कई घंटे जब तक कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एसी हटाकर कमरे में घर में प्रवेश किया। अंदर प्रिंस का शव फंदे पर झूल रहा था। कमरे से मोबाइल भी मिला, जिसमें ब्लू व्हेल गेम चल रहा था। सूचना पर परिवार सहारनपुर से दिल्ली पहुंच गया। छात्र का शव बागपत के पैत्रिक गांव शिकोहपुर में लाया जा रहा है।