लखनऊ : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मंत्रिमंडल का सोमवार को आठवां विस्तार होगा। इस विस्तार में जहां गायत्री प्रसाद प्रजापति और पूर्व में नामित होने के बावजूद शपथ न ले पाने वाले बलिया की सिकंदरपुर सीट के विधायक जियाउद्दीन रिजवी को मंत्री बनाया जाना तय माना जा रहा है, इनके अलावा नए चेहरे भी शामिल किये जाने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार के सिलसिले में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार शाम राजभवन में राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात की।
अखिलेश मंत्रिमंडल में अभी कुल मंत्रियों की संख्या 57 है। इस हिसाब से अभी तीन और मंत्री बनाये जाने की गुंजाइश है। बीती 12 सितंबर को बर्खास्त किये गए भूतत्व एवं खनिकर्म मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को मुलायम फारमुले के आधार पर फिर से मंत्री बनाये जाने की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट करके दी थी। गायत्री, जियाउद्दीन के अलावा नए चेहरे भी हो सकते हैं शामिल कुछ प्रोन्नत किये जा सकते राज्यमंत्री, विभाग भी बदलने के संकेत है वहीं देश से बाहर होने के कारण 27 जून को हुए पिछले मंत्रिमंडल विस्तार में शपथ लेने से चूके जियाउद्दीन रिजवी का भी मंत्री बनना तय है। इनके अलावा मंत्रिमंडल में बचे एक स्थान के लिए गायत्री के साथ ही बर्खास्त किये गए राजकिशोर सिंह, शिवाकांत ओझा और मनोज पांडेय के बीच जोर आजमाइश है। हालांकि सूत्रों का यह भी कहना है कि मंत्रिमंडल से एक की छुट्टी कर दो लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। दो राज्य स्तर के मंत्रियों को प्रोन्नत किये जाने की भी संभावना है। कुछ विभाग भी बदले जा सकते हैं। राजभवन में सोमवार को 12 बजे मनोनीत मंत्रियों को राज्यपाल शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने राजभवन में सोमवार को प्रस्तावित मंत्रिमंडल के विस्तार व शपथ ग्रहण समारोह के बारे में राज्यपाल से विस्तार से चर्चा की।