पंडोखर धाम महोत्सव में वृंदावन के कलाकारों ने खेली लट्ठमार होली, राधा श्रीकृष्ण संग झूमे श्रद्धालु... मयूर नृत्य ने मोहा मन

Update: 2025-04-26 11:22 GMT


(सुघर सिंह सैफई)

पंडोखर धाम । जहां भक्ति के सुर हों, कला की छटा हो और श्रीकृष्ण की लीला झलकती हो, वहीं उतरती है दिव्यता। ऐसा ही एक अलौकिक दृश्य साक्षात हुआ 29वें पण्डोखर धाम वार्षिक महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ के पावन अवसर पर, जहां वृंदावन से आए अवधेश कुमार ठाकुर रंगरसिया झांकी ग्रुप ने अपने मनोहारी प्रदर्शन से भक्तों को भक्ति और रस की मधुर यात्रा पर ले गया।

कार्यक्रम में लट्ठमार होली और मयूर नृत्य ने न केवल संस्कृति की झलक दी, बल्कि उपस्थित जनमानस को वृंदावन की गलियों में पहुंचा दिया। सजीव मंचन में, कलाकारों की रंगबिरंगी पोशाके, राग-रागिनियों से सजी स्वर लहरियां और उनकी भावपूर्ण मुद्राएं, सभी कुछ मानो स्वयं ब्रजभूमि का सजीव चित्र बन गईं। लट्ठमार होली में राधा-कृष्ण की बाल लीलाओं की मधुर छवि देख दर्शक झूम उठे, और मयूर नृत्य में जब कलाकार मोर पंख धारण कर नाचते हुए मंच पर उतरे, तो ऐसा प्रतीत हुआ जैसे साक्षात श्रीकृष्ण वन में मयूरों संग नृत्य कर रहे हों। पूरे पंडाल में भक्तिरस की बयार बह रही थी। मंच से लेकर पंक्तियों में बैठे भक्तों तक हर चेहरा प्रेम और उल्लास से दमक रहा था। पंडोखर सरकार के गुरुशरण शर्मा ने भी इस रंगोत्सव में सहभागी बन, जनसमूह को प्रेम, सेवा और धर्म का संदेश दिया। इस भव्य आयोजन में पण्डोखर धाम आश्रम ट्रस्ट की सक्रिय भूमिका रही। कोषाध्यक्ष सोनू शर्मा, सचिव मुकेश गुप्ता तथा अन्य प्रमुख सेवाभावी आचार्य उमाशंकर देवलिया, पंकज त्रिपाठी, राजू खरे, शिवम तिवारी, लालजी पुजारी, श्याम पुजारी, दूजेंद्र शर्मा, शिशु खरे, सचिन मिश्रा, सचिन ढींगरा, सतीश चंद्र खरे, ठाकुर अजेंद्र गौर, शिशिर खरे, मयंक गुप्ता, अनूप तिवारी, रानू मिश्रा, राम अवतार सोनी सहित आदि शामिल रहे।

नेता प्रतिपक्ष भी पंडोखर में पहुंचे

मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के विधायक उमंग सिंगार, अशोक दांगी बगदा, दतिया विधायक राजेंद्र भारती और कांग्रेस जिलाध्यक्ष दत्तिया रामकिंकर गुर्जर पंडोखर धाम पहुंचे। जहां उन्होंने पंडोखर सरकार के दर्शन किए। इसके बाद गुरुशरण महाराज से आध्यात्मिक चर्चा करते हुए पंडोखर महोत्सव में भाग लिया। यहां वह देर रात तक रुके रहे। कार्यक्रम में 25 अप्रैल शुक्रवार को 29 वें पंडोखर महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ में देश की सुप्रसिद्द भजन गायक शहनाज अख्तर द्वारा अपने भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

Similar News