दिल्ली से कोलकाता जा रही फ्लाइट लखनऊ में हुई लैंड, 12 घंटे से परेशान पैसेंजर्स ने स्टाफ को सुनाई खरी-खोटी
लखनऊ। दिल्ली से कोलकाता जा रहे विमान को शुक्रवार सुबह 4:45 बजे के आसपास लखनऊ में उतार दिया गया। यात्रियों को यह तक नहीं बताया गया कि आखिर उनका विमान यहां क्यों उतारा गया है। इस पर यात्रियों ने स्टाफ को खूब खरी खोटी सुनाई।
यात्रियों के विरोध पर जिम्मेदार तकनीकी कारण तो कभी कोलकाता में मौसम खराब होने का हवाला देते रहे। ऐसे में दिल्ली से गुरुवार की देर रात 12:35 बजे उड़ाने भरने वाले यात्री विमान में करीब 12 घंटे बैठे रहे। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे विमान अमौसी एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भर सका।
कोलकाता पहुंचने पर लैंड करने की नहीं मिली अनुमति
स्पाइस जेट का विमान एसजी 730 ने दिल्ली से गुरुवार रात 12:35 बजे उड़ान भरी थी और शुक्रवार तड़के 02:45 बजे कोलकाता पहुंचना था लेकिन कोलकाता पहुंचने पर विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। विमान को फिर अमौसी एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
यात्रियों ने एक्स पर बताई समस्या
लखनऊ में शुक्रवार की सुबह 4:45 बजे विमान लैंड करा दिया गया। यात्री फरजाना पटवारी ने एक्स पर लिखा कि यात्रियों को विमान के यहां से उड़ान की सही सूचना नहीं दी गई है। एयरपोर्ट पर खड़े विमान के अंदर ही यात्रियों ने पूरी रात किसी तरह गुजारी।
10 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भर सका विमान
इसके अलावा लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह करीब 10 बजे विमान कोलकाता के लिए उड़ान भर सका और दो घंटे बाद करीब दोपहर 12:10 बजे कोलकाता पहुंचा। ऐसे में यात्रियों ने राहत की सांस ली।