'लाल टोपी वालों से रहें सतर्क', केशव मौर्य का सपा पर तंज; 2027 के चुनाव को लेकर किया ये बड़ा दावा
प्रयागराज। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2027 में भी भाजपा 2017 का परिणाम दोहराएगी। तीन सौ से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा तीसरी बार लगातार प्रदेश में सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कल भी भाजपा का था, आज भी है और कल भी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लाल टोपी वालों से सतर्क और सावधान रहना, पीडीए नहीं यह फरेब, धोखा एजेंसी है।
तीन दिवसीय समारोह में डिप्टी सीएम ने की शिरकत
प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर जिला पंचायत में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन बुधवार को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल उप मुख्यमंत्री ने सभी स्टाल के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किया।
भाजपा के शासनकाल में दंगाई प्रदेश से भाग गए- केशव
कहा कि प्रदेश में 2017 में सरकार बनी तो सबसे पहला लक्ष्य सुशासन लाने और भ्रष्टाचार को दूर करने का रखा गया। अपराध मुक्त प्रदेश बनाने के लिए सरकार ने तेजी से कदम उठाए। भाजपा के शासन काल में दंगाई भाग खड़े हुए हैं, दंगा नहीं हुआ है और तो और कर्फ्यू तक लगाने की जरुरत नहीं पड़ी है।
अब यूपी प्रगति का पथ बन गया है- डिप्टी सीएम
बोले कि महाकुंभ का आयोजन 'सरकार ने पूरी दुनिया के सामने सुव्यवस्था और सुशासन की तस्वीर प्रस्तुत की है। वर्ष 2031 के कुंभ की तैयारी अभी से ही शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश अब प्रगति का पथ बन गया है। रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैंं।'
केशव प्रसाद मौर्य ने गिनाईं उपलब्धियां
वाराणसी में भी मंगलवार को कार्यक्रम था। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि विगत आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश का चतुर्मुखी विकास हुआ। सुशासन हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। 24 करोड़ प्रदेश वासियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। आठ लाख सरकारी नौकरियां प्रतिभा के आधार पर दी गईं।
2016 में प्रदेश की बेरोज़गारी दर 18 फीसदी रही जो अब 2.5 रह गई हैं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में सफल कार्य किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए संकल्पों की इन आठ वर्षों में सिद्धि प्राप्त की गई।
उन्होंने कहा कि आठ वर्ष पहले सपा शासन में प्रदेश गुंडों, दंगाइयों का प्रदेश तो रहा ही बीमारू प्रदेश भी रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने का साथ विकासशील बनाया गया।